लॉजिस्टिक्स कंपनी टीसीआई एक्सप्रेस लिमिटेड (TCI Express Limited) के भारतीय मूल के सीईओ और प्रबंध निदेशक चंदर अग्रवाल को सिंगापुर के उच्च न्यायालय से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने अपनी पूर्व प्रेमिका फेलिशिया ली से लगभग 3.7 लाख डॉलर (करीब 3,70,000 डॉलर) के खर्च की वसूली के लिए दायर की गई उनकी याचिका को पूरी तरह खारिज कर दिया है। चंदर अग्रवाल ने अदालत में दावा किया था कि उन्होंने यह रकम अपनी पूर्व प्रेमिका को बिना ब्याज के ऋण के तौर पर दी थी, जिसे वापस मिलना चाहिए।
लग्जरी ब्रांड्स और महंगे तोहफों पर बहाया पानी की तरह पैसा
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, चंदर अग्रवाल और फेलिशिया ली की पहली मुलाकात 2019 में एक फ्लाइट के दौरान हुई थी और सितंबर 2022 में दोनों का रिश्ता शुरू हुआ। दिसंबर 2023 में बेवफाई के संदेह के बाद दोनों अलग हो गए। अपने रिश्ते के दौरान अग्रवाल ने ली पर दिल खोलकर खर्च किया, जिसमें हर्मीस, डिओर और प्राडा जैसे अंतरराष्ट्रीय लग्जरी ब्रांड्स के महंगे सामान, प्रथम श्रेणी की हवाई यात्राएं, विदेशों में छुट्टियां, क्रेडिट कार्ड से किए गए निजी खर्चे, बीमा प्रीमियम और स्टैनफोर्ड-एनयूएस का एग्जीक्यूटिव कोर्स शामिल था।
फेंग शुई और हस्तलिखित दस्तावेज का तर्क खारिज
अग्रवाल ने ली के घर के लिए फेंग शुई कंसल्टेंट को दिए गए करीब 17,000 सिंगापुर डॉलर को भी लोन बताया। उन्होंने तर्क दिया कि वे फेंग शुई में विश्वास नहीं करते, लेकिन जज ने पाया कि इस सेवा की व्यवस्था अग्रवाल ने खुद की थी। उन्होंने अपनी मांग को सही साबित करने के लिए एक हस्तलिखित समझौते का भी हवाला दिया, जिसे ली ने साइन करने से साफ इनकार कर दिया। कोर्ट ने पाया कि दोनों के बीच अनगिनत वॉट्सऐप संदेशों के बावजूद, पैसे उधार लेने या वापस चुकाने के किसी वादे का कोई पुख्ता सबूत पेश नहीं किया जा सका।
जज बोले- ब्रेकअप के बाद कड़वाहट में मांगी कीमत
मामले की सुनवाई करते हुए सीनियर जज ली सिउ किन ने टिप्पणी की कि चंदर अग्रवाल प्रेमिका के प्यार में पूरी तरह आकर्षित थे और उन्होंने अपनी मर्जी से उन पर महंगे उपहार लुटाए थे। जज ने कहा कि रिश्ता खत्म होने के बाद अग्रवाल कड़वाहट से भर गए और उनसे जबरन कीमत वसूलने का प्रयास करने लगे। अदालत ने अग्रवाल के सभी दावों को खारिज करते हुए उन्हें आदेश दिया कि वे फेलिशिया ली का पूरा कानूनी खर्च खुद वहन करें।
READ MORE: गणेश चतुर्थी पर सोना-चांदी खरीदने का सुनहरा मौका, दिल्ली से मुंबई तक गिरे दाम

