मथुरा के संत प्रेमानंद महाराज(Premanand Ji Maharaj) की सुरक्षा को लेकर श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। 4 अक्टूबर को लिखे इस पत्र में उन्होंने प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ आश्रम से जुड़े कुछ मामलों की जांच कराने की मांग की है। पत्र में आश्रम की व्यवस्थाओं और वहां से जुड़े लोगों को लेकर कई गंभीर दावे भी किए गए हैं।
पत्र के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज के शिष्यों के बीच दो अलग-अलग गुट होने का दावा किया गया है। एक पक्ष को साधना और धार्मिक गतिविधियों से जुड़ा बताया गया है, जबकि दूसरे पक्ष पर संपत्ति संबंधी मामलों में रुचि रखने के आरोप लगाए गए हैं। पत्र में यह भी दावा किया गया है कि इन कथित विवादों से परेशान होकर महाराज बेलवन स्थित आश्रम चले गए हैं।
संपत्ति और जमीन से जुड़े आरोप
फलाहारी महाराज ने केलीकुंज आश्रम से जुड़े कुछ लोगों की गतिविधियों की जांच की मांग की है। पत्र में कुछ लोगों पर आपराधिक प्रवृत्ति के होने का आरोप लगाते हुए कथित संपत्तियों की जांच की बात कही गई है। इसके अलावा यमुना खादर क्षेत्र में जमीन से जुड़े कथित कारोबार की जांच कराने की मांग भी की गई है।
नाबालिगों और किडनी चोरी को लेकर सवाल
पत्र में आश्रम में नाबालिग बच्चों के रुकने और उनके परिवारों द्वारा तलाश किए जाने की आशंका भी जताई गई है। इस मामले में बाल आयोग से जांच कराने और आश्रम में रहने वाले नाबालिगों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है। साथ ही सेवादारों के पुलिस सत्यापन की बात कही गई है। पत्र में किडनी चोरी जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
सुरक्षा की रखी मांग
फलाहारी महाराज ने प्रेमानंद महाराज के लिए जेड प्लस सुरक्षा की मांग की है। साथ ही आश्रम के CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया है कि उनके अनुसार महाराज स्वयं साधना में लीन रहते हैं लेकिन आश्रम से जुड़े अन्य लोगों की गतिविधियों की जांच की जानी चाहिए।