HomeBreaking Newsओडिशा से आज टकराएगा चक्रवात 'अकवान', 3 लाख लोगों को शिफ्ट किया...

ओडिशा से आज टकराएगा चक्रवात ‘अकवान’, 3 लाख लोगों को शिफ्ट किया गया, 47 ट्रेनें रद्द, 941 गांवों पर मंडरा रहा भूस्खलन का खतरा

Odisha Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में एक्टिव चक्रवात ‘अकवान’ को लेकर ओडिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार, 20 नवंबर को दोपहर चक्रवात के गोपालपुर के निकट हरिपुर में ओडिशा तट से टकराने की आशंका है। संभावित खतरे को देखते हुए राज्य के 20 जिलों में बचाव और राहत अभियान चलाया जा रहा है। अब तक तीन लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इनमें 4170 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से 1317 महिलाओं ने सुरक्षित स्थानों पर बच्चों को जन्म दिया है। वहीं, चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए 47 ट्रेनें रद्द और 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।

मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, जिला प्रशासन और केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार का मुख्य उद्देश्य जनहानि को शून्य रखना है। उन्होंने कहा, महाप्रभु श्रीजगन्नाथ जी का आशीर्वाद है और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। माझी ने भरोसा जताया कि सरकार जीरो कैजुअल्टी का लक्ष्य हासिल करेगी।

बचाव के लिए 418 टीमें तैनात

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में कुल 9341 चक्रवात आश्रय स्थलों को तैयार रखा गया है। इनमें से 2623 आश्रय स्थल क्रियाशील कर दिए गए हैं। राहत और बचाव अभियान के लिए 418 टीमों को तैनात किया गया है। इनमें ओड्राफ की 60, एनडीआरएफ की 14, अग्निशमन सेवा की 216 और ओडिशा वन विकास निगम (ओएफडीसी) की 128 ट्री-कटर टीमें शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन विभाग की 28 अतिरिक्त टीमों को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।

संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम

चक्रवात के दौरान दूरसंचार सेवाएं बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत 17 सैटेलाइट फोन, सेल ऑन व्हील्स और दूरसंचार बैकअप की सुविधा तैयार रखी गई है, ताकि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित न हों।

छह जिलों के 941 गांवों में भूस्खलन का खतरा

भारी बारिश की आशंका के बीच राज्य के छह जिलों के 941 गांवों को भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील घोषित किया गया है। ओआरएसएसी के माध्यम से इन गांवों की पहचान की गई है। इनमें गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मालकानगिरि और कोरापुट जिले शामिल हैं। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की है। कंधमाल और गजपति में अब तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए ज्यादातर लोग भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों से हैं।

आंध्र प्रदेश के मछुआरों को भी सुरक्षित निकालने की तैयारी

ओडिशा तट के पास आंध्र प्रदेश के कुछ मछुआरों के फंसे होने की जानकारी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोस्ट गार्ड की मदद से उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। उन्हें सुरक्षित तरीके से गंजाम जिले में लाने की व्यवस्था की गई है।

पुरी में हबिष्याली महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुरी के जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर जिले की स्थिति और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्तिक मास में पुरी में रहकर धार्मिक अनुष्ठान करने वाली हबिष्याली महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस दौरान प्रशासन को उनकी सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

47 ट्रेनें रद्द, रेलवे और कोस्ट गार्ड अलर्ट

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने 47 ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। आपात स्थिति में राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए कोस्ट गार्ड और रेलवे समन्वय प्रकोष्ठ को सक्रिय रखा गया है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया है।

समीक्षा बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, मुख्य सचिव अनु गर्ग, राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. अरविंद पाढ़ी, विशेष राहत आयुक्त राजेश प्रभाकर पाटिल समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और सचिव मौजूद रहे।

Read More:

UP में एनकाउंटर: दिल्ली के समीर मर्डर केस का मुख्य आरोपी नसीम दुर्रानी ढेर, छोटा शकील से थे अंडरवर्ल्ड कनेक्शन, मर्डर समेत 26 मुकदमों में था वांटेड

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments