HomeBreaking NewsMP के खंडवा में दरगाह पर चला बुलडोजर, विरोध के बीच प्रशासन...

MP के खंडवा में दरगाह पर चला बुलडोजर, विरोध के बीच प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण

मध्य प्रदेश(MP News) के खंडवा में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मानसिंगका आईमिल चौराहे पर सड़क किनारे बनी एक दरगाह को जेसीबी की मदद से हटवा दिया गया। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और सिटी एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे स्थित दरगाह की वजह से चौड़ीकरण के काम में परेशानी आ रही थी। इसी कारण उसे हटाने का निर्णय लिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने बताया कि सड़क निर्माण और चौड़ीकरण में आने वाली रुकावटों को दूर करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। उनके मुताबिक, प्रशासन ने फिलहाल अपना काम पूरा कर लिया है।

कार्रवाई के दौरान जुटी भीड़

दरगाह हटाने की खबर फैलते ही मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोगों ने मजार को अपने कब्जे में लेकर दोबारा उसी स्थान पर रख दिया। इससे कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

बातचीत के बाद पूरी हुई कार्रवाई

स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने मुस्लिम पक्ष के लोगों से बातचीत की। इसके बाद दरगाह हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के रास्तों पर आवाजाही भी रोकी गई थी। पूरे अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने संकेत दिए हैं कि सड़क चौड़ीकरण में बाधा बनने वाले अन्य अतिक्रमणों को हटाने का अभियान भी आगे जारी रहेगा। वहीं, इससे पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर के पास बेगम बाग इलाके में भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी जहां एक दर्जन से अधिक अवैध इमारतों को गिराया गया था। फिलहाल खंडवा में कार्रवाई के बाद प्रशासन का मुख्य ध्यान इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।

यह भी पढ़ें : चमोली में 31 मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती, 4.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments