HomeBreaking News'लश्कर का आखिरी लोकल एक्टिव टेररिस्ट मारा गया', आतंकी लतीफ भट के...

‘लश्कर का आखिरी लोकल एक्टिव टेररिस्ट मारा गया’, आतंकी लतीफ भट के एनकाउंटर पर गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान, जवानों को किया सलाम

Amit Shah On Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों की बहादुरी को सलाम किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि घाटी में लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट मारा गया है। बुधवार तड़के चलाए गए इस अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों ने मिलकर कार्रवाई की।

एक दिन पहले मारा गया था आतंकी उमर निसार

अमित शाह ने अपने बयान में बताया कि लतीफ भट के एक साथी आतंकी उमर निसार को भी इससे एक दिन पहले कुलगाम में मार गिराया गया था। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। गृह मंत्री ने ऑपरेशन में शामिल सभी जवानों और एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि देश उनके साहस और समर्पण को सलाम करता है।

मस्जिद में छिपा था लतीफ भट

कुलगाम के जांगलपुरा इलाके में सुरक्षाबलों के अभियान के दौरान लतीफ भट एक मस्जिद में जाकर छिप गया था। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। उसे मस्जिद से बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। इसके बाद जब वह बाहर आया तो सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया।

SSP ने वीडियो कॉल पर की थी सरेंडर कराने की कोशिश

कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने बताया कि उन्होंने खुद लतीफ भट से वीडियो कॉल के जरिए काफी देर तक बातचीत की थी। इस दौरान उसे आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया गया और भरोसा दिलाया गया कि हथियार डालने पर उसकी जान बख्श दी जाएगी। हालांकि, उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।

एसएसपी के मुताबिक, लतीफ ने कथित तौर पर कहा, “मेरे साथ अल्लाह के सिवा कोई नहीं है.” उन्होंने यह भी बताया कि मस्जिद में दाखिल होने के बाद लतीफ ने रात करीब 2:45 बजे सुरक्षाबलों पर फायरिंग की थी।

18 नवंबर 2025 को लश्कर में शामिल हुआ था लतीफ

अधिकारियों के अनुसार, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। एसएसपी अनायत अली ने बताया कि वह कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था। उसे सीमा पार से शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के निर्देश मिल रहे थे।

मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए बरता गया संयम

सुरक्षाबलों ने पूरे अभियान के दौरान मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती। एसएसपी ने पहले ही स्पष्ट किया था कि सुरक्षा बलों के पास पर्याप्त समय और दिन की रोशनी का फायदा है। उनकी प्राथमिकता धार्मिक स्थल को कम से कम नुकसान पहुंचाना था। इसी वजह से लतीफ को मस्जिद से बाहर निकालने के लिए कार्रवाई की गई। इस संयुक्त अभियान में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की टीमें शामिल थीं।

Read More:

चमोली में 31 मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती, 4.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत, अफगानिस्तान और तिब्बत में भी झटके

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments