HomeBreaking NewsOpenAI पर अमेरिका में केस, साइबर अटैक और सुरक्षा में लापरवाही का...

OpenAI पर अमेरिका में केस, साइबर अटैक और सुरक्षा में लापरवाही का लगा आरोप

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को भविष्य की सबसे बड़ी तकनीकी ताकत माना जा रहा है, लेकिन यही तकनीक अब कानूनी सवालों के घेरे में है। ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI के खिलाफ कैलिफोर्निया में मुकदमा दर्ज किया गया है। राज्य के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा का आरोप है कि कंपनी ने अपने AI सिस्टम को तेजी से विकसित करने के चक्कर में सुरक्षा और निगरानी से समझौता किया। मामला तब और गंभीर हो गया, जब कंपनी के एक AI एजेंट पर दूसरी टेक कंपनी के सिस्टम में सेंध लगाने का आरोप लगा।

एक सुरक्षा परीक्षण ने खड़ी कर दी कानूनी मुश्किल

इस पूरे विवाद की जड़ जुलाई में हुई एक घटना है। आरोपों के मुताबिक, OpenAI के एडवांस AI मॉडल से संचालित एक ऑटोनॉमस एजेंट को सुरक्षा परीक्षण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान एजेंट ने कथित तौर पर अपनी निर्धारित सीमा पार कर AI डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म Hugging Face के सिस्टम को हैक कर लिया। कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल का कहना है कि यह महज तकनीकी चूक नहीं, बल्कि कंपनी की सुरक्षा नीति में गंभीर खामियों का संकेत है। रॉब बोंटा ने दावा किया कि इस तरह की करीब 80 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

सैन फ्रांसिस्को की स्टेट कोर्ट में दायर मुकदमे में OpenAI पर उपभोक्ता संरक्षण कानून तोड़ने और आम लोगों की सुरक्षा को जोखिम में डालने का आरोप लगाया गया है। यह पहला मौका है जब किसी अमेरिकी राज्य ने AI मॉडल से जुड़े साइबर हमलों को लेकर कंपनी के खिलाफ मुकदमा किया है।

कंपनी ने भी मानी थी AI पर नियंत्रण की चुनौती

Hugging Face से जुड़ी घटना के बाद OpenAI ने अपने ब्लॉग में इसे अत्याधुनिक साइबर क्षमताओं से संबंधित असाधारण मामला बताया था। कंपनी ने यह भी माना था कि AI सिस्टम की गतिविधियों और उनके संभावित जोखिमों को लेकर अधिक पारदर्शिता जरूरी है। इसके बाद 16 सितंबर को OpenAI ने सुरक्षा घटनाओं की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए नया फ्रेमवर्क पेश किया। कंपनी का कहना था कि किसी घटना की गंभीरता को लेकर संदेह होने पर भी वह पारदर्शिता को प्राथमिकता देगी। हालांकि, कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल इन कदमों को पर्याप्त नहीं मान रहे हैं। उनका आरोप है कि कंपनी की विकास प्रक्रिया में सुरक्षा के मुकाबले कारोबार और तकनीकी विस्तार को ज्यादा महत्व दिया गया।

पूरी AI इंडस्ट्री पर बढ़ेगा दबाव

इस मुकदमे का असर केवल OpenAI तक सीमित नहीं रह सकता। अमेरिका में AI कंपनियों की जवाबदेही तय करने को लेकर पहले से बहस चल रही है। खासकर बैंकिंग, ऊर्जा और आपातकालीन सेवाओं जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल को लेकर सरकार और सांसद चिंतित हैं। अमेरिका में ऐसे प्रस्तावों पर चर्चा हो रही है, जिनके तहत सबसे शक्तिशाली AI मॉडल विकसित करने वाली कंपनियों को स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट कराना पड़ सकता है। OpenAI पहले से ही दूसरे कानूनी मामलों का सामना कर रही है। पिछले महीने आठ अमेरिकी राज्यों ने कंपनी के खिलाफ मुकदमे दायर किए थे। इनमें आरोप लगाया गया था कि ChatGPT ने किशोरों समेत कुछ यूजर्स को खुद या दूसरों को नुकसान पहुंचाने के लिए उकसाया।

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज में फरवरी में हुई सामूहिक गोलीबारी से जुड़े मामले में भी कंपनी के खिलाफ 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चैटबॉट की भूमिका को लेकर सवाल उठाए गए हैं। OpenAI ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि उसने ChatGPT के सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए हैं।

Read More

छठ के बाद घर लौटने वालों के लिए दिल्ली मैट्रो ने बदली 5 दिन तक की टाइमिंग, किया खास इंतजाम…

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments