Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिले में हुए इन हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। पहला हादसा ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर टिहरी जिले के गूलर के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी।
इस दुर्घटना में 8 लोगों की जान चली गई और 19 यात्री घायल हो गए। वहीं, दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गहरी खाई में गिर गई। इसमें 4 लोगों की मौत हुई और 6 अन्य घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टिहरी में पुल से 100 मीटर नीचे नदी में गिरी बस
टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर बाजार के पास मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी। बस में लगभग 30 से 35 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें 7 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें 3 साल की बच्ची आयरा भी शामिल है।
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी मौके के लिए रवाना की गईं। पुलिस और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रही बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिरी
दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में बांसवाड़ा-कंडारा मोटर मार्ग पर हुआ। यहां सोमवार देर शाम पोखरी में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा नियंत्रण कक्ष ने DDRF, SDRF और स्थानीय पुलिस की टीमों को मौके पर भेजा। घटनास्थल पर घना अंधेरा और खड़ी चट्टान होने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। इसके बावजूद बचाव दल ने देर रात तक अभियान जारी रखा। जवानों ने स्ट्रेचर की मदद से सभी 6 घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बस हादसे में घायल 13 लोगों की हुई पहचान
टिहरी बस दुर्घटना में घायल 13 यात्रियों की पहचान हो चुकी है। इनमें मोहम्मद वहाब अंसारी (22), अर्जुन सौरन (34), बुधन मुर्मू (50) और राजकुमार (32), निवासी दुमका, झारखंड, राहुल कुमार (24), निवासी पटना, बिहार, अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधम सिंह नगर, प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, ऊधम सिंह नगर, आयरा (3) और नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम, जतिन (21), निवासी शाहदरा, दिल्ली, पंकज नेगी (31), निवासी रुद्रप्रयाग, संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार और वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग, चमोली शामिल हैं।
दोनों हादसों के बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल अलर्ट पर हैं। घायलों का अस्पतालों में उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है।
Read More:


[…] उत्तराखंड में दो बड़े सड़क हादसों से म… […]