Tehri Bus Accident: उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पुलिस को डायल 112 के माध्यम से बस संख्या UK09PA9779 के गूलर के पास खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुनि की रेती थाने के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों से पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। इसके अलावा SDRF, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमों ने खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू कर दिया। अब तक करीब 20 घायल यात्रियों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा जा चुका है। दुर्घटना के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना
रेस्क्यू अभियान में SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें, पुलिसकर्मी और फायर सर्विस के जवान संयुक्त रूप से जुटे हुए हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव टीमों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनि की रेती थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, पुलिस के उच्चाधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।
हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा
फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है। बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस हादसे के कारणों का भी पता लगा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गदेरे में गिरी थी। घायलों की स्थिति और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
Read More:

