PM Narendra Modi Chhath Puja 2026: लोकआस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और छठी मइया से सभी व्रतियों तथा देश के लोगों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस दिव्य पर्व में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठ के अंतिम दिन देशभर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
PM मोदी ने छठी मइया से मांगा आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उषा अर्घ्य के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा, “उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।”
संध्या अर्घ्य पर भी दी थी देशवासियों को बधाई
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के अवसर पर भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा था, “सभी देशवासियों को महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य की अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति-पूजन को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के लिए नई चेतना और स्फूर्ति लेकर आए, साथ ही समाज में सद्भाव एवं समरसता को और अधिक प्रगाढ़ करे। सूर्यदेव की कृपा से सभी का जीवन आलोकित हो। जय छठी मइया!”
छठ के शुभारंभ पर भी PM मोदी ने किया था ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ पूजा की शुरुआत के अवसर पर भी देशवासियों को बधाई दी थी। उन्होंने नहाय-खाय के दिन अपने संदेश में लिखा था, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”
36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने दिया उषा अर्घ्य
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया। बिहार की राजधानी पटना समेत कई शहरों में घाटों पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखने वाले व्रती नदियों और तालाबों में खड़े होकर सूर्य की पहली किरण के साथ अर्घ्य देने पहुंचे।
इस दौरान व्रतियों ने भगवान सूर्य को जल अर्पित कर बच्चों की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उषा अर्घ्य के साथ ही चार दिनों तक चलने वाला यह कठिन अनुष्ठान पूरा हुआ और व्रतियों ने अपने निर्जला व्रत का पारण किया।
Read More:

