Faridabad Food Poisoning Case: हरियाणा के फरीदाबाद से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां चिप्स और चाउमीन खाने के बाद दो सगे भाइयों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों बच्चों को अचानक उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 8 वर्षीय राघव की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, उसका 10 वर्षीय बड़ा भाई कुनाल अभी आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
यह घटना फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वजह फूड प्वाइजनिंग मानी जा रही है। हालांकि, राघव की मौत किस वजह से हुई, इसका सही खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
भूख लगने पर घर से निकले थे दोनों भाई
जानकारी के मुताबिक, 21 नवंबर की शाम करीब 7 बजे आठ वर्षीय राघव और उसका 10 साल का बड़ा भाई कुनाल भूख लगने पर घर से बाहर निकले थे। दोनों बच्चों के पास खाने के लिए करीब 10 से 15 रुपये थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें उनका चचेरा भाई मिल गया, जिसके पास चिप्स थे। इसके बाद तीनों ने साथ बैठकर चिप्स खाए।
बताया जा रहा है कि चिप्स खाने के बाद दोनों भाइयों ने बाजार में चाउमीन भी खाई। खाना खाने के बाद दोनों घर लौट आए। कुछ देर बाद राघव ने अपनी मां से चक्कर आने और उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत की। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बड़े भाई कुनाल की भी तबीयत बिगड़ गई। उसे भी उल्टियां होने लगीं।
अस्पताल में इलाज के दौरान राघव ने तोड़ा दम
दोनों बच्चों की हालत लगातार बिगड़ती देख परिजन उन्हें तुरंत एनआईटी-3 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान आठ वर्षीय राघव की मौत हो गई, जबकि कुनाल को आईसीयू में भर्ती कर लिया गया। डॉक्टर उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
इस मामले में डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चों ने चाउमीन खाई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। पुलिस ने राघव के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read More:

