कानपुर में श्री गुरु नानक देव जी(Shri Guru Nanak Dev Ji) के प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को मोतीझील मैदान में विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सोमवार सुबह से ही सिख समुदाय के लोग परिवार के साथ सेवा में जुट गए। मैदान में कोई सब्जियां काटता नजर आया तो कोई दाल और प्रसादे तैयार करने में लगा रहा।
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें सभी धर्मों और जातियों के लोगों के लिए एक साथ बैठकर लंगर छकने की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों के अनुसार, गुरु का लंगर आपसी भाईचारे, समानता और सेवा का संदेश देता है।
30 कुंतल दाल और 100 कुंतल आटे से बनेगा प्रसाद
मोतीझील मैदान में होने वाले इस बड़े आयोजन के लिए खाने-पीने की सामग्री का इंतजाम बड़े स्तर पर किया गया है। आयोजकों के मुताबिक, करीब 30 कुंतल मिक्स दाल और 100 कुंतल आटे का इस्तेमाल किया जाएगा। दाल तैयार करने के लिए मूंग, चना, अरहर और राजमा को मिलाया जाएगा।
लंगर में दाल के साथ गोभी-आलू की सब्जी, अचार और हलवा भी परोसा जाएगा। प्रसादे बनाने के लिए कानपुर के अलग-अलग इलाकों में करीब 25 से 30 सेंटर बनाए गए हैं। कई घरों में भी लोग रातभर सेवा करके प्रसादे तैयार कर रहे हैं। इसके बाद इन्हें मोतीझील मैदान पहुंचाया जाएगा।
सेवा में जुटे 1 से 2 हजार सेवादार
सोमवार को आयोजन स्थल पर करीब एक से दो हजार सेवादार व्यवस्थाएं संभालते नजर आए। महिलाएं सब्जियां काटने और भोजन की तैयारी में जुटी थीं जबकि पुरुष दाल बनाने और अन्य जरूरी कामों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस सेवा में बच्चे और बुजुर्ग भी पीछे नहीं रहे। सभी अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि शाम तक सेवादारों और संगत की संख्या में और बढ़ोतरी होगी।



[…] […]