Electricity From Lotus Stems: बिजली उत्पादन के क्षेत्र में चीन के वैज्ञानिकों ने एक नई तकनीक विकसित की है। इस बार उन्होंने किसी पारंपरिक ऊर्जा स्रोत के बजाय कमल के फूल के डंठल का इस्तेमाल किया है। वैज्ञानिकों ने कमल के डंठल और बैक्टीरिया जनरेटर की मदद से एक ऐसा यंत्र तैयार किया है, जो बिजली पैदा करने में सक्षम है। इस तकनीक को लेकर वैज्ञानिकों ने 30 दिनों तक लगातार बिजली उत्पादन का परीक्षण किया और उसके आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार की है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, इस शोध को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि कमल का डंठल आमतौर पर पानी और कीचड़ के भीतर रहता है। इसके बावजूद इसका इस्तेमाल बिजली उत्पादन के लिए किया जा रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह तकनीक डिस्ट्रिब्यूटेड सेंसर और कम बिजली खपत वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लंबे समय तक ऊर्जा उपलब्ध कराने में मददगार हो सकती है।
बिना धूप के दिन-रात पैदा होगी बिजली
इस तकनीक की सबसे खास बात यह है कि बिजली बनाने के लिए सूर्य की रोशनी की जरूरत नहीं पड़ती। वैज्ञानिकों ने पानी के इवैपोरेशन की प्रक्रिया का इस्तेमाल करके बिजली उत्पादन का तरीका विकसित किया है। यह एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है, जो दिन और रात दोनों समय काम कर सकती है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस तकनीक को अलग-अलग मौसम में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी बिजली उत्पादन के लिए इसे केवल धूप या दिन के समय पर निर्भर नहीं रहना होगा। शोध टीम में शामिल वैज्ञानिक हू किचांग का कहना है कि यह तकनीक डिस्ट्रिब्यूटेड, लो-पावर और सेल्फ-पावर्ड सेंसिंग के साथ-साथ पर्यावरण की निगरानी से जुड़े उपकरणों के लिए काफी संभावनाएं रखती है।
कम बिजली उत्पादन के बावजूद क्यों अहम है यह शोध?
अब तक बड़े पैमाने पर बिजली उत्पादन के लिए पानी, कोयला और यूरेनियम जैसे ऊर्जा स्रोतों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। ऐसे में कमल के डंठल और बैक्टीरिया जनरेटर की मदद से बिजली बनाने की यह तकनीक ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में एक अलग प्रयोग है।
हालांकि, फिलहाल इस यंत्र से कम मात्रा में बिजली पैदा हो रही है, लेकिन इसकी उपयोगिता को कम नहीं आंका जा रहा है। इसकी खासियत यह है कि इससे कम बिजली खपत करने वाले उपकरणों को लगातार ऊर्जा उपलब्ध कराने की संभावना बनती है। खासकर ऐसे सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जिन्हें दूरदराज के इलाकों में लगाना पड़ता है और जहां बार-बार बैटरी बदलना या बिजली की आपूर्ति करना मुश्किल होता है।
भविष्य में बढ़ सकती है बिजली उत्पादन की क्षमता
वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि आने वाले समय में इस तकनीक में सुधार करके बिजली उत्पादन की क्षमता बढ़ाई जा सकती है। यदि इसके उत्पादन की मात्रा और कार्यक्षमता में बढ़ोतरी होती है, तो भविष्य में इसका इस्तेमाल बड़े स्तर पर भी किया जा सकता है। फिलहाल यह तकनीक शुरुआती शोध के स्तर पर है, लेकिन कम रखरखाव में लगातार बिजली उपलब्ध कराने की इसकी क्षमता इसे ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण खोज बनाती है।
Read More:
दिल्ली में BJP कार्यालय के 20 राउंड फायरिंग, एक युवक की हुई मौत

