HomeBreaking Newsपंजाब के गुरदासपुर से युवक-युवती गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज

पंजाब के गुरदासपुर से युवक-युवती गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब पुलिस की मदद से दो मुख्य आरोपियों को गुरदासपुर(Gurdaspur Punjab) से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय महकदीप कौर और 23 वर्षीय देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को इस मामले में पाकिस्तान से जुड़े संभावित कनेक्शन के भी संकेत मिले हैं, जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महकदीप कौर के पास से दो हथियार और 46 कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा धमाके की वारदात के लिए दिए गए 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे और आरोपियों को आर्थिक मदद कहां से मिल रही थी। पुलिस ने आरोपियों को ठहरने की जगह और वाहन उपलब्ध कराने के आरोप में तीन अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में लिया है।

होटल में रुके थे आरोपी

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के मुताबिक, वारदात से पहले दोनों आरोपी एमआर होटल में ठहरे थे। आरोप है कि होटल मालिक और उसके एक सहयोगी ने उन्हें रहने की व्यवस्था के साथ कार और मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने इन वाहनों की पहचान कर ली है।

ऑपरेशन को राजस्थान पुलिस के एडीजी दिनेश एमएन ने पंजाब पहुंचकर समन्वित किया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ था धमाका

यह घटना 3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुई थी। धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे जबकि आसपास के छह अन्य स्लीपरों के लॉक टूट गए थे। पटरी के बीच करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा बन गया था। राहत की बात यह रही कि धमाके से पहले एक यात्री ट्रेन उस रास्ते से गुजर चुकी थी।

पाकिस्तान कनेक्शन और आतंकी नेटवर्क की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईबी, एटीएस, एनआईए, सीआईडी, एफएसएल और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए थे। अब जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि धमाके में इस्तेमाल सामग्री कहां से आई और क्या इसके पीछे किसी आतंकी संगठन या स्लीपर सेल का हाथ है।

फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपियों का मकसद किसी ट्रेन को नुकसान पहुंचाना था या इलाके में डर का माहौल पैदा करना। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें : बवाना में आधी रात खूनी खेल! भाई की हत्या का बदला लेने के लिए किया डबल मर्डर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments