HomeBreaking Newsरोहतक में खूनी गैंगवार से दहला हरियाणा, होटल में अंधाधुंध फायरिंग से...

रोहतक में खूनी गैंगवार से दहला हरियाणा, होटल में अंधाधुंध फायरिंग से 4 युवकों की मौत, बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच भिड़ंत

Rohtak Gang War: हरियाणा के रोहतक में बीती देर रात भीषण गैंगवार की वारदात सामने आई है। खरावड़ स्थित मिलन होटल पर दो गैंग के बदमाशों के बीच जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह खूनी संघर्ष बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच हुआ। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

देर रात होटल में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

जानकारी के अनुसार, रोहतक के खरावड़ स्थित मिलन होटल में गैंगवार की यह घटना रात करीब 1 बजे हुई। बताया जा रहा है कि होटल में बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग के बदमाश आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।

गोलीबारी इतनी भीषण थी कि चार युवकों की जान चली गई। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गैंगवार के पीछे की वजह और गोलीबारी में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

चारों मृतकों की हुई पहचान

मिलन होटल में हुई इस गोलीबारी में जान गंवाने वाले चारों युवकों की पहचान सामने आ गई है। जानकारी के मुताबिक, मृतकों में तीन युवक गांव डिघल के रहने वाले थे, जबकि एक युवक बेरी का निवासी था।

मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर, विनीत पुत्र जयबीर, गंजू निवासी डिघल और हिमांशु पुत्र राजबीर निवासी बेरी के रूप में हुई है। चार युवकों की मौत के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

गोहाना में भी हुई थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

हरियाणा में इससे पहले भी गैंगवार और गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में गोहाना में एक प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग के वीरेंद्र चारण ने ली थी।

मृतक की पहचान विजेंद्र उर्फ नन्हा पहलवान के रूप में हुई थी। जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को शाम के समय रोहतक रोड स्थित उनके ऑफिस के बाहर यह वारदात हुई थी। बताया गया कि जब वह अपनी कार में बैठ रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब 14 से 15 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता

रोहतक के मिलन होटल में चार युवकों की हत्या की घटना ने एक बार फिर हरियाणा में गैंगवार और संगठित अपराध को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच कथित टकराव में चार लोगों की जान जाने के बाद पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की चुनौती है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस खूनी वारदात के पीछे असली वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन शामिल था।

Read More:

26/11 मुंबई हमले की 18वीं बरसी: 60 घंटे तक दहशत में रहा था शहर, 166 लोगों की गई थी जान, आज भी देश को याद है वो खौफनाक काली रात

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments