पंजाब के पटियाला(Patiala) में भाखड़ा नहर पर बना एक पुल अचानक टूटने से बड़ा हादसा हो गया। यह घटना पटियाला-संगरूर बाईपास पर गांव पसियाना के पास हुई। हादसे के वक्त पुल से दो ट्रक गुजर रहे थे। इसी दौरान पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया और दोनों ट्रक टूटे हुए हिस्से में ही फंसकर नीचे धंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच एक ट्रक में आग लग गई जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
पुल टूटने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने काफी देर तक मशक्कत की, जिसके बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया जा सका। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। पुल का टूटा हुआ हिस्सा और उसमें फंसे क्षतिग्रस्त ट्रक हादसे की गंभीरता बयां कर रहे थे। वहीं, नहर का पानी टूटे हुए पुल के हिस्से से होकर गुजरता दिखाई दिया।
ट्रक ड्राइवर ने बताई हादसे की आंखोंदेखी
हादसे के बाद एक ट्रक चालक राजवीर का बयान भी सामने आया है। उसने बताया कि वह मानसा की ओर जा रहा था, तभी अचानक पुल ढह गया। उसके मुताबिक, दो ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंस गए और उनमें से एक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसने यह भी बताया कि पुल पहले से थोड़ा हिलता हुआ महसूस हो रहा था।
राजवीर का कहना है कि अगर समय रहते पुल पर आवाजाही रोक दी जाती तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था। चालक के बयान के मुताबिक, एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके से अस्पताल पहुंचाया जबकि अन्य लोगों को चोट नहीं आने की बात कही गई है।
पुल टूटने की वजह की हो रही जांच
फिलहाल पुल गिरने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं, क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। हादसे के कारण पटियाला-संगरूर बाईपास पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। पुल की जांच के बाद ही इसके टूटने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।