HomeBreaking Newsकनाडा में सनसनीखेज वारदात! जली हुई कार में मिला भारतीय युवक का...

कनाडा में सनसनीखेज वारदात! जली हुई कार में मिला भारतीय युवक का शव, टारगेट किलिंग का शक

कनाडा(Canada) के ब्रिटिश कोलंबिया से एक भारतीय युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय भारतीय नागरिक तुषार शर्मा का शव एक जली हुई कार के अंदर मिला। तुषार कनाडा के सरे इलाके में रहते थे। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि उनकी हत्या सुनियोजित तरीके से की गई और पहचान या सबूत मिटाने के लिए कार में आग लगाई गई। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को इमरजेंसी सर्विस को ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में रॉलिन्सन क्रिसेंट के 23300 ब्लॉक में एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने जब आग बुझाने का काम शुरू किया तो उन्हें गाड़ी के अंदर मानव अवशेष दिखाई दिए। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को सौंप दी गई।

पुलिस को टारगेट किलिंग का शक

जांच अधिकारियों के अनुसार, तुषार शर्मा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उनके संपर्क भी सीमित थे। शुरुआती तथ्यों को देखते हुए पुलिस इस घटना को सामान्य हादसा नहीं, बल्कि किसी सोची-समझी हत्या के तौर पर देख रही है। हालांकि, अभी तक हत्या का मकसद और इसमें शामिल लोगों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

IHIT की प्रवक्ता सार्जेंट फ्रेडा फोंग के मुताबिक, जांच टीम तुषार की मौत से पहले की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। इसके लिए कनाडा के साथ-साथ विदेशों में रह रहे उनके परिवार और परिचितों से भी बातचीत की जा रही है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया दुख

वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने तुषार की मौत पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि वह परिवार और स्थानीय पुलिस के संपर्क में है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

कनाडाई पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास 29 अक्टूबर से पहले तुषार की गतिविधियों, उनके आने-जाने या ठिकानों से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह जांच टीम से संपर्क करे। पुलिस को उम्मीद है कि लोगों से मिलने वाली जानकारी इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में मदद कर सकती है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस की ओर से किसी संदिग्ध का नाम सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें : दिल्ली के कश्मीरी गेट पर तेज रफ्तार का कहर! ऑटो को टक्कर मार 6 लोगों को कुचला…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments