मुंबई(Mumbai) में कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (BMC) ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब घरों और हाउसिंग सोसायटी को कचरा पैदा होने वाली जगह पर ही अलग-अलग करना होगा। BMC ने इस संबंध में सार्वजनिक नोटिस जारी कर नए नियमों की जानकारी दी है।
ये प्रावधान 1 अप्रैल 2026 से लागू सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स के तहत किए गए हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी 3 नवंबर 2026 को नगर निगम को हाउसिंग सोसायटी तक इन नियमों की जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया था। नए नियमों के मुताबिक, हर घर और सोसायटी को चार तरह का कचरा अलग रखना होगा। इनमें गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी वेस्ट और विशेष कचरा शामिल हैं। कचरा उठाने और अधिकृत एजेंसियों को सौंपने के समय भी इन श्रेणियों को अलग रखना जरूरी होगा।
किन सोसायटी को माना जाएगा बल्क वेस्ट जनरेटर?
BMC के अनुसार, किसी परिसर को बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) माना जाएगा, अगर इनमें से कोई एक शर्त पूरी होती है:
-
परिसर का कुल फ्लोर एरिया 20 हजार वर्ग मीटर या उससे अधिक हो।
-
रोजाना पानी की खपत 40 हजार लीटर या इससे ज्यादा हो।
-
प्रतिदिन कम से कम 100 किलोग्राम कचरा पैदा होता हो।

