HomeBreaking Newsसंविधान सिर्फ शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, इसके मूल्यों को समझना जरूरी...

संविधान सिर्फ शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, इसके मूल्यों को समझना जरूरी – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान दिवस के मौके पर संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने जनता को सत्ता चुनने का अधिकार दिया, लेकिन सत्ता में आने वालों के लिए भी संवैधानिक मर्यादाओं में रहकर शासन चलाने की व्यवस्था तय की। संविधान की प्रस्तावना का हर शब्द भारत के महान निर्माण और उसकी सांस्कृतिक विरासत का संदेश देता है।

2015 से हर 26 नवंबर को मनाया जा रहा संविधान दिवस

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद संविधान को मुख्य रूप से शासन चलाने के मार्गदर्शक दस्तावेज के तौर पर देखा गया। इसके मूल विचारों और मूल्यों को किशोरों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि 2014 में PM नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला किया गया। इसका उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों और आम लोगों तक न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों को पहुंचाना है। गृह मंत्री ने कहा कि संविधान का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का गौरवपूर्ण दायित्व है। संविधान गौरव दिवस जैसी पहल नागरिकों को उनके अधिकारों के साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करती है।

165 दिन चली संविधान सभा की बहस

संविधान निर्माण की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी। 26 नवंबर 1949 तक संविधान पर चर्चा चली। इस दौरान संविधान सभा ने 11 सत्रों में कुल 165 दिन काम किया। उनके मुताबिक, संविधान में संशोधन के लिए करीब 7,635 प्रस्ताव आए थे। इनमें से 2,473 औपचारिक प्रस्तावों को छांटकर सदन के सामने रखा गया। संविधान सभा की अध्यक्षता डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने की थी। शाह ने उनके धैर्य और सहनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि सभा में अलग-अलग विचारों और सुझावों को सुनकर उन पर विचार किया जाता था। उन्होंने संविधान निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव अंबेडकर और दुर्गाबाई देशमुख की भूमिका का भी उल्लेख किया। पटेल ने मौलिक अधिकारों और अल्पसंख्यकों से जुड़ी समिति की अध्यक्षता की, जबकि अंबेडकर प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे। दुर्गाबाई देशमुख ने समानता, सामाजिक न्याय और महिला कल्याण से जुड़े मुद्दों पर काम किया। आचार्य नंदलाल बोस ने संविधान की मूल प्रति को चित्रों से सजाया।

मूल प्रति में भारतीय संस्कृति और सभ्यता की झलक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी यात्रा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े चित्र शामिल हैं। उन्होंने लोगों से संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान की मूल प्रति देखने की अपील की।उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में देश की हजारों साल पुरानी सभ्यता, संस्कृति और चिंतन के मूल्य समाहित हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह भी कहा कि 1950 में संविधान लागू होने के बाद भारत ने कई राजनीतिक उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन सत्ता परिवर्तन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण तरीके से होते रहे।

Read More

AAP के 14वें स्थापना दिवस पर मोगा में ‘खुशहाल पंजाब’ रैली, CM मान ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments