भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूती मिलने जा रही है। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम(Ayodhya to Janakpur Dham) अब सीधे रेल मार्ग से जुड़ने जा रहे हैं। दोनों शहरों के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी हो रही है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस ट्रेन का नाम जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस रखा गया है। इसका ट्रेन नंबर 15595 और 15596 होगा। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन से भारत और नेपाल के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बिहार के इन जिलों से होकर गुजरेगी ट्रेन
नई एक्सप्रेस ट्रेन जयनगर के रास्ते भारत में प्रवेश करेगी। इसके बाद यह बिहार के मधुबनी, दरभंगा के शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। आगे गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर के रास्ते ट्रेन अयोध्या कैंट पहुंचेगी। जयनगर स्टेशन पर कस्टम जांच के लिए ट्रेन 10 मिनट रुकेगी।
जानिए ट्रेन का पूरा टाइम टेबल
| ट्रेन नंबर | रूट और समय |
|---|---|
| 15595 | शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से रवाना, रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी |
| 15596 | सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना, मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी |
प्रमुख स्टेशनों पर समय:
-
जयनगर: जाते समय दोपहर 2:10 बजे, वापसी में सुबह 8:30 बजे
-
सीतामढ़ी: जाते समय शाम 7 बजे, वापसी में सुबह 4:42 बजे
-
नरकटियागंज: जाते समय रात 10:50 बजे, वापसी में रात 1:50 बजे
-
गोरखपुर: जाते समय सुबह 3:55 बजे, वापसी में रात 10:13 बजे

