HomeBreaking Newsपंजाब में अजीब इत्तेफाक! एक रात में दो शहरों के बस स्टैंड...

पंजाब में अजीब इत्तेफाक! एक रात में दो शहरों के बस स्टैंड पर लगी आग, जालंधर में 20 तो लुधियाना में 10 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

Punjab Bus Stand Fire: पंजाब में सोमवार की रात एक अजीब इत्तेफाक देखने को मिला। राज्य के दो बड़े शहरों जालंधर और लुधियाना में सरकारी बसों की वर्कशॉप में रखे पुराने टायरों में करीब एक घंटे के अंतर से भीषण आग लग गई। जालंधर में रात 9 बजे पंजाब रोडवेज डिपो-1 की वर्कशॉप में आग भड़की, जबकि लुधियाना बस स्टैंड की वर्कशॉप में रात करीब 10 बजे आग लग गई।

दोनों घटनाओं में पुराने टायरों के जलने से आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।

लुधियाना में 250 से 300 पुराने टायर जलकर राख

लुधियाना बस स्टैंड परिसर में सरकारी बसों की मरम्मत करने वाली मुख्य वर्कशॉप में रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। आग वर्कशॉप के अंदर पुराने टायरों के गोदाम में लगी थी। वहां करीब 250 से 300 पुराने टायर रखे हुए थे, जिन्होंने तेजी से आग पकड़ ली। देखते ही देखते लपटें ऊंची उठने लगीं और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक नजर आने लगा।

आग लगते ही वर्कशॉप में मौजूद कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। शुरुआती दमकल टीम के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। इसके बाद शहर के अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और 20 दमकल कर्मियों ने वर्कशॉप के कर्मचारियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद रात सवा 12 बजे आग पर काबू पाया जा सका।

पेट्रोल पंप और बसें सुरक्षित

लुधियाना में आग लगने की घटना के दौरान बस स्टैंड परिसर में मौजूद सरकारी पेट्रोल पंप और वहां खड़ी बड़ी संख्या में बसों पर भी खतरा मंडरा रहा था। हालांकि, आग पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची और दमकल कर्मियों ने समय रहते लपटों को फैलने से रोक लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सरकारी संपत्ति को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका आकलन विभागीय जांच के बाद किया जाएगा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

जालंधर में रात 9 बजे भड़की आग

लुधियाना से पहले जालंधर के पंजाब रोडवेज डिपो-1 की वर्कशॉप में सोमवार रात करीब 9 बजे पुराने टायरों के ढेर में आग लग गई थी। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें डिफेंस कॉलोनी तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलने पर दादा कॉलोनी और सर्जिकल कॉम्प्लेक्स सबस्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 20 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने रात 12 बजे तक आग बुझाने का काम किया।

इस घटना में पुराने टायरों के साथ बसों का कीमती सामान और कुछ पेड़ भी जल गए। हालांकि, कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए वोल्वो समेत दूसरी बसों को समय रहते वर्कशॉप से हटा दिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। आग बुझाने के दौरान एसएफओ मनिंदर कुमार जस्सी के हाथ भी झुलस गए।

पुराने टायरों का स्क्रैप जमा होने पर उठे सवाल

जालंधर की घटना के बाद वर्कशॉप में पुराने टायरों और स्क्रैप के जमा होने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि टायरों की नीलामी नहीं होने और प्लांट बंद रहने के कारण बड़ी मात्रा में पुराना सामान जमा था। इस मामले में जीएम राजपाल सिंह ने जांच कराने की बात कही है।

एक ही रात में जालंधर और लुधियाना की सरकारी बस वर्कशॉप में पुराने टायरों में आग लगने की इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और स्क्रैप के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More:

उत्तराखंड में बड़ा हादसा, पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी यात्रियों से भरी बस, 20 घायल, रेस्क्यू जारी

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular