नवाबों के शहर लखनऊ में मेट्रो अब सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और कारोबार का अहम हिस्सा बनती जा रही है। ट्रैफिक जाम से राहत, समय की बचत और शहर के अलग-अलग इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी ने मेट्रो की लोकप्रियता बढ़ाई है। इसका असर बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। हालिया आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ मेट्रो में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और 3 नवंबर को इसने अब तक की सबसे अधिक दैनिक राइडरशिप का रिकॉर्ड बनाया।
एक दिन में 1.10 लाख यात्रियों ने किया सफर
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 के अनुसार, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंशीपुलिया तक फैला नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर 22.878 किलोमीटर लंबा है। इस रूट पर कुल 21 स्टेशन हैं और मेट्रो सेवाएं लगातार यात्रियों को जोड़ रही हैं। 3 नवंबर को करीब 1.10 लाख लोगों ने मेट्रो से सफर किया, जो अब तक की सबसे ज्यादा दैनिक राइडरशिप है। इतना ही नहीं, इससे पहले के लगातार चार दिनों तक भी रोजाना एक लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो का इस्तेमाल किया। हजरतगंज और चारबाग स्टेशन पर सबसे ज्यादा आवाजाही दर्ज की जा रही है।
बाजारों तक पहुंचना हुआ आसान
मेट्रो की बेहतर कनेक्टिविटी का असर शहर के कारोबार पर भी पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारी जुल्फी के मुताबिक, निर्माण के शुरुआती दौर में कुछ परेशानियां जरूर हुई थीं, लेकिन अब मेट्रो के कारण बाजार तक पहुंचना आसान हो गया है। पत्रकारपुरम और इंदिरा नगर जैसे दूर के इलाकों से भी ग्राहक आसानी से खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि मेट्रो के दूसरे फेज के शुरू होने से बाजार में ग्राहकों की संख्या और बढ़ सकती है। इससे स्थानीय परिवहन की दिक्कतें भी कम होंगी। यानी मेट्रो से लोगों को सुविधा मिलने के साथ दुकानदारों के कारोबार को भी फायदा पहुंच रहा है।
विस्तार से बढ़ेंगी सुविधाएं
मेट्रो से नियमित सफर करने वाले अमन का कहना है कि एयरपोर्ट से इंदिरा नगर और मुंशीपुलिया तक सीधी कनेक्टिविटी ने यात्रा को काफी सुविधाजनक बनाया है। पॉलिटेक्निक स्टेशन पर उतरकर हजरतगंज जैसे व्यस्त इलाकों के लिए मेट्रो पकड़ना भी आसान है। वहीं, बालागंज और दुबग्गा की ओर चल रहे विस्तार कार्यों से भविष्य में शहर के अन्य हिस्सों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। UPMRC यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए जागरूकता अभियान भी चला रहा है। इसके ऑपरेशंस एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से हर महीने औसतन 300 जागरूकता और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को मेट्रो के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
Read More
आजम खान को ED केस में मिलेगी राहत या जेल में रहेंगे? मंगलवार को दोबारा होगी सुनवाई

