दिल्ली में आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट उपमंडल में ड्रोन और दूसरे मानवरहित विमानों के संचालन पर 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 18 नवंबर से प्रभावी हो चुका है और 16 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा। पुलिस को मिले इनपुट के मुताबिक, आतंकवादी ड्रोन के जरिए हवाई हमला करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
ड्रोन, पैराग्लाइडर और हैंग-ग्लाइडर पर प्रतिबंध
सहायक पुलिस आयुक्त (पालम उपमंडल, IGI एयरपोर्ट) प्रदीप कुमार मीणा ने यह आदेश जारी किया है। इसके तहत एयरपोर्ट उपमंडल के अधिकार क्षेत्र में आम लोगों द्वारा ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर, एयरो-मॉडल और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों (UAS) का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।आदेश में कहा गया है कि विश्वसनीय सूचनाओं और लगातार मिल रही रिपोर्ट से संकेत मिले हैं कि आतंकवादी ड्रोन जैसी तकनीक का इस्तेमाल कर हवाई हमले कर सकते हैं। ऐसे उपकरणों का अनधिकृत संचालन विमानन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए लिया फैसला
पुलिस आदेश के मुताबिक, मानवरहित विमानों का इस्तेमाल सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों के साथ-साथ आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को रोकना जरूरी है। इसी वजह से तत्काल निवारक कदम उठाते हुए 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस का मानना है कि ड्रोन के जरिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि को अंजाम देने की आशंका को कम करने के लिए यह फैसला जरूरी है। प्रतिबंध की अवधि के दौरान संबंधित क्षेत्र में इन उपकरणों को उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।
नियम तोड़ने पर BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई
सहायक पुलिस आयुक्त ने गृह मंत्रालय की अधिसूचना के साथ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए यह आदेश जारी किया है। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह धारा लोक सेवक की ओर से जारी वैध आदेश की अवहेलना से संबंधित है।
Read More
पुराना किला में PM मोदी ने किया विशेष प्रदर्शनी का मुआयना, लेजर शो में दिखा भारतीय सभ्यता की झलक


[…] […]