HomeBreaking Newsचंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तारीखों का आज होगा ऐलान, नामांकन से...

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तारीखों का आज होगा ऐलान, नामांकन से लेकर मतदान तक का पूरा शेड्यूल होगा जारी

Chandigarh Municipal Corporation Election: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर आज बड़ा ऐलान होने जा रहा है। राज्य चुनाव आयोग नगर निगम के आम चुनाव का आज लगभग 11 बजे पूरा कार्यक्रम घोषित करेगा। राज्य चुनाव आयुक्त एवं रिटायर IAS अधिकारी डॉ. विजय कुमार देव प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए चुनाव की तारीखों और अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे। इसके साथ ही नामांकन शुरू होने, नामांकन की अंतिम तारीख और मतदान से जुड़ा पूरा कार्यक्रम सामने आएगा। चुनाव 35 नगर निगम वार्डों के लिए कराया जाएगा।

20 से 25 दिसंबर के बीच मतदान की संभावना

चुनाव को लेकर शुरुआती अनुमान है कि चंडीगढ़ में 20 से 25 दिसंबर के बीच मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, मतदान की वास्तविक तारीख और चुनावी प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज होने और उम्मीदवारों की तैयारियां शुरू होने की उम्मीद है।

घोषणा के साथ लागू होगी आचार संहिता

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही चंडीगढ़ में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को आयोग के निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। सरकारी मशीनरी और चुनाव प्रचार से जुड़े कार्य भी आचार संहिता के दायरे में आ जाएंगे।

2021 में आम आदमी पार्टी बनी थी सबसे बड़ी पार्टी

चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 निर्वाचित पार्षद हैं। वर्ष 2021 में हुए पिछले नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। उस चुनाव में आप ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को 12, कांग्रेस को 8 और शिरोमणि अकाली दल को एक सीट मिली थी।

दल-बदल से बदल गए राजनीतिक समीकरण

पार्षदों के दल-बदल के कारण कार्यकाल के दौरान नगर निगम की राजनीतिक तस्वीर बदल गई। मौजूदा स्थिति में भाजपा के पास 18 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के 10 और आम आदमी पार्टी के 7 पार्षद हैं। शिरोमणि अकाली दल का अब नगर निगम में कोई पार्षद नहीं है। इस तरह भाजपा मौजूदा समय में नगर निगम की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है।

मतदान केंद्रों और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी करने के निर्देश

चुनाव की घोषणा से पहले राज्य चुनाव आयोग ने तैयारियों की समीक्षा की है। वीरवार को डॉ. विजय देव की अध्यक्षता में यूटी स्टेट गेस्ट हाउस में बैठक हुई। इसमें होम सेक्रेटरी मंदीप सिंह बराड़ और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चुनाव की तैयारियों और अलग-अलग विभागों की ओर से किए जा रहे प्रबंधों पर चर्चा हुई। राज्य चुनाव आयोग के सचिव ने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने, मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की गई।

वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं

डॉ. विजय देव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनके लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। आयोग का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल कर सके।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना आयोग की प्राथमिकता

राज्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि नगर निगम चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराना आयोग की प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाए रखने तथा चुनाव प्रबंधन से जुड़े सभी काम निर्धारित समय पर पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

Read More:

दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो से ज्यादा राउंड चलाकर फरार हुए बदमाश

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments