HomeBreaking News12 घंटे में चार बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, डोडा में सबसे...

12 घंटे में चार बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, डोडा में सबसे तेज झटके से लोगों में चिंता

जम्मू-कश्मीर में शनिवार को लगातार आए भूकंप के झटकों ने लोगों को चिंता में डाल दिया। महज 12 घंटे के भीतर प्रदेश में चार बार धरती हिली। भूकंप के केंद्र डोडा और किश्तवाड़ जिले में रहे। सबसे तेज झटका सुबह 8:48 बजे डोडा में आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 दर्ज की गई। इसकी गहराई जमीन से महज 5 किलोमीटर नीचे थी। राहत की बात है कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

किश्तवाड़ से डोडा तक चार बार महसूस हुए झटके

जम्मू-कश्मीर में भूकंप का पहला झटका शनिवार सुबह 2:38 बजे किश्तवाड़ में आया। इसकी तीव्रता 3.3 मापी गई। इसके बाद सुबह 8:31 बजे डोडा में दूसरा झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 2.7 थी। इसके महज 17 मिनट बाद सुबह 8:48 बजे डोडा में फिर भूकंप आया। यह चारों झटकों में सबसे तेज था और इसकी तीव्रता 3.8 दर्ज की गई। इसके बाद दोपहर 1:09 बजे डोडा में एक और झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 2.9 रही। लगातार आए इन झटकों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

ताजिकिस्तान में भी 12 घंटे के भीतर दो भूकंप

जम्मू-कश्मीर के अलावा ताजिकिस्तान में भी शनिवार को दो बार भूकंप आया। पहला झटका सुबह 2:42 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 4.0 थी। इसके बाद दोपहर 1:36 बजे दूसरा भूकंप आया। इसकी तीव्रता 4.1 दर्ज की गई। हालांकि, ताजिकिस्तान में आए दोनों भूकंपों से भी फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। एक ही दिन में अलग-अलग क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

क्यों हिलती है धरती, कैसे मापी जाती है तीव्रता?

पृथ्वी की ऊपरी परत कई बड़ी और छोटी टेक्टोनिक प्लेटों में बंटी हुई है। ये प्लेटें लगातार बहुत धीमी गति से खिसकती रहती हैं। जब ये एक-दूसरे से टकराती हैं या उनके किनारे आपस में रगड़ खाते हैं, तो चट्टानों में दबाव और ऊर्जा जमा होने लगती है। जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो भूकंपीय तरंगें पैदा होती हैं और धरती हिलने लगती है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर मापी जाती है। आमतौर पर 2.0 या इससे कम तीव्रता वाले भूकंप को माइक्रो भूकंप कहा जाता है, जिन्हें कई बार लोग महसूस भी नहीं कर पाते। 4.5 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप से इमारतों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि 7.0 या उससे ज्यादा तीव्रता के भूकंप काफी विनाशकारी हो सकते हैं। हालांकि, नुकसान का स्तर भूकंप की गहराई, केंद्र से दूरी और इमारतों की मजबूती पर भी निर्भर करता है।

Read More

पंजाब के युवाओं को करोड़पति बनने का मौका! CM मान ने किया ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज शो का ऐलान

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments