HomeBreaking Newsदिल्ली में अगले 6 दिन सांसों पर संकट! बेहद खराब श्रेणी में...

दिल्ली में अगले 6 दिन सांसों पर संकट! बेहद खराब श्रेणी में पहुंचेगी हवा, बच्चों और बुजुर्गों के लिए जारी हुई खास सलाह

Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पिछले सात दिनों से राजधानी की हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है। हालांकि, बीते तीन दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में मामूली सुधार दर्ज किया गया है, लेकिन अगले छह दिनों में स्थिति फिर बिगड़ सकती है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली की हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तीन दिनों में AQI में मामूली सुधार

शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 265 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। इससे पहले 19 नवंबर को AQI 280 था, जो 20 नवंबर को घटकर 270 और शनिवार को 265 पर पहुंच गया। यानी लगातार तीन दिनों से प्रदूषण के स्तर में थोड़ी कमी आई है। इसके बावजूद राजधानी की हवा अब भी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बनी हुई है।

56 निगरानी केंद्रों में कहां कितनी खराब रही हवा?

दिल्ली के 56 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया। इनमें से 32 केंद्रों पर हवा खराब, 16 पर बहुत खराब और सात पर मध्यम श्रेणी में रही, जबकि एक केंद्र पर वायु गुणवत्ता संतोषजनक दर्ज की गई।

इलाकों के हिसाब से AQI की स्थिति इस प्रकार रही:

  • दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (DTU): 362 AQI, सबसे खराब स्थिति।

  • दिल्ली छावनी: 80 AQI, संतोषजनक श्रेणी।

वाहनों का धुआं प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के वास्तविक समय के स्रोत निर्धारण अनुमानों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में PM2.5 प्रदूषण के लिए सबसे अधिक जिम्मेदार वाहनों से निकलने वाला धुआं रहा। प्रदूषण में इसकी हिस्सेदारी 33.1 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके अलावा कार्बनिक एरोसोल का योगदान 16.5 प्रतिशत रहा।

अन्य प्रमुख कारणों में बायोमास जलाने का योगदान 13.9 प्रतिशत और कचरा जलाने से होने वाला प्रदूषण 9.5 प्रतिशत दर्ज किया गया। बायोमास जलाने में पराली, लकड़ी और उपले जैसे घरेलू ठोस जैव ईंधन का इस्तेमाल शामिल है।

अगले छह दिनों के लिए प्रदूषण का अलर्ट

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को भी दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। हालांकि, इसके बाद अगले छह दिनों में वायु गुणवत्ता बिगड़कर बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। ऐसे में आने वाले दिनों में राजधानी के लोगों को प्रदूषण से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

बच्चों और बुजुर्गों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

प्रदूषण के बढ़ते खतरे को देखते हुए विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और बाहर जाते समय मास्क पहनने की सलाह दी गई है। खासतौर पर संवेदनशील लोगों को प्रदूषित हवा के सीधे संपर्क से बचने की जरूरत है।

दिल्ली में तापमान का क्या रहा हाल?

प्रदूषण के बीच राजधानी के तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था। वहीं, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा।

Read More:

FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल ड्रग्स लॉर्ड चापो इसिद्रो गिरफ्तार, ऑपरेशन में सेना के 4 जवान शहीद, 50 लाख डॉलर का था इनाम

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments