Dawood Ibrahim Home: मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन और भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर अब बुलडोजर चलने जा रहा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने भिंडी बाजार इलाके में स्थित इस इमारत को गिराने की तैयारी कर ली है। नगर निगम की ओर से 18 और 19 नवंबर को इसे ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में पुलिस सुरक्षा भी तैनात रहेगी।
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध भी देखने को मिला है। यह इमारत हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना के नाम से जानी जाती है। यह मुंबई के पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट के जंक्शन पर स्थित है। सरकारी दस्तावेजों में इसकी पहचान सिटी सर्वे (CS) नंबर 4315 के रूप में दर्ज है। इसे दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर माना जाता है।
इसी इमारत में परिवार के साथ रहता था दाऊद
दाऊद इब्राहिम के शुरुआती जीवन में इस इमारत की अहम भूमिका रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, 1986 में भारत छोड़ने से पहले दाऊद अपने परिवार के साथ इसी घर में रहता था। इस इमारत का इस्तेमाल उसके निवास के साथ-साथ कार्यालय के रूप में भी किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जाता है कि 1993 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की साजिश भी इसी इमारत में रची गई थी। इन धमाकों ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। अब करीब चार दशक बाद दाऊद से जुड़ी इस ऐतिहासिक इमारत को पूरी तरह ध्वस्त किया जाने वाला है।
BMC ने क्यों लिया घर गिराने का फैसला?
BMC के ‘C’ वार्ड ने इस इमारत को ‘C-1’ श्रेणी में रखा है। इस श्रेणी का मतलब है कि इमारत बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में है और इसके गिरने का खतरा बना हुआ है। नगर निगम के अनुसार, इमारत की मौजूदा हालत आसपास से गुजरने वाले लोगों, पैदल यात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है।
नगर निकाय के नोटिस के मुताबिक, इमारत को गिराने की कार्रवाई 31 अगस्त 2020 को बॉम्बे हाईकोर्ट की ओर से दिए गए आदेश के तहत की जा रही है। BMC का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से इस इमारत को हटाना जरूरी है।
इमारत का ज्यादातर हिस्सा कराया गया खाली
BMC अधिकारियों की हालिया जांच में सामने आया कि इमारत का अधिकांश हिस्सा खाली कराया जा चुका है। हालांकि, इसके ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक प्रार्थना कक्ष (प्रेयर हॉल) का अब भी इस्तेमाल किया जा रहा था। ऐसे में तोड़फोड़ की कार्रवाई से पहले इस हिस्से को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जाने हैं।
इसके अलावा, यह इमारत सेकंड कूपर स्ट्रीट पर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना में भी बाधा बन रही है। दरअसल, इमारत का एक हिस्सा सड़क चौड़ीकरण के लिए निर्धारित रास्ते के दायरे में आता है। ऐसे में BMC की कार्रवाई के पीछे इमारत की जर्जर हालत के साथ-साथ सड़क चौड़ीकरण परियोजना भी एक वजह है।
Read More:

