Pakistan-Saudi Defense Agreement: सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों के बीच पाकिस्तान ने उसकी मदद के लिए अपनी सेना भेजनी शुरू कर दी है। पाकिस्तान की सेना की पहली टुकड़ी को सऊदी अरब के लिए रवाना किया गया है।
इस मौके पर शनिवार को विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पाकिस्तान की सेना के मीडिया विंग ISPR ने इस तैनाती की जानकारी देते हुए इसे दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी का हिस्सा बताया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब पश्चिम एशिया में सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। इससे एक दिन पहले ही इस्लामाबाद में मक्का रक्षा गठबंधन की रणनीतिक, राजनीतिक और रक्षा समिति (SPDC) की दूसरी बैठक आयोजित की गई थी।
इसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और क्षेत्रीय सुरक्षा हालात पर चर्चा की। बैठक के दौरान सऊदी अरब पर हूती हमलों की कड़ी निंदा भी की गई।
सऊदी अरब की मदद के लिए क्या है पाक का प्लान?
पाकिस्तान की सेना के मीडिया विंग ISPR के मुताबिक, सऊदी अरब में सैनिकों की तैनाती का उद्देश्य उसकी सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। पाकिस्तानी सेना के जवान सऊदी अरब की सीमा के भीतर रहकर अपनी निर्धारित जिम्मेदारियां निभाएंगे।
ISPR के बयान में स्पष्ट किया गया है कि पाकिस्तानी सैनिक दोनों देशों के बीच पहले से तय समझौतों और रक्षा सहयोग के मौजूदा ढांचे के तहत काम करेंगे। इस तैनाती से सऊदी अरब की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बयान में सैनिकों की कुल संख्या और उनकी तैनाती की अवधि के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
पाक ने दोहराई हरमैन शरीफैन की सुरक्षा की प्रतिबद्धता
पाकिस्तान की सेना ने अपने बयान में हरमैन शरीफैन की सुरक्षा और पवित्रता की रक्षा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है। हरमैन शरीफैन इस्लाम के दो सबसे पवित्र स्थलों यानी मक्का की मस्जिद अल-हरम और मदीना की मस्जिद-ए-नबवी को कहा जाता है।
पाकिस्तान की ओर से इस प्रतिबद्धता को दोहराना सऊदी अरब के साथ उसके धार्मिक, रणनीतिक और रक्षा संबंधों की अहमियत को भी दर्शाता है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से सैन्य और रक्षा सहयोग बना हुआ है।
सेना की विदाई के दौरान कौन-कौन रहा मौजूद?
सऊदी अरब रवाना होने वाले पाकिस्तानी सैनिकों के विदाई समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शिरकत की। इसके अलावा सऊदी अरब के पाकिस्तान में राजदूत डॉ. राजेह तामी अलबुगामी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पाकिस्तान सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल उमर अहमद बुखारी और लाहौर कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद उमर बशीर ने भी हिस्सा लिया।
इस सैन्य तैनाती को पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बीच पाकिस्तान का यह कदम दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम हो सकता है।
Read More:
दिल्ली से बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी! अब 13 शहरों तक मिलेगी बस सेवा

