HomeBreaking Newsहाथ में माइक और मोबाइल लिए हर कोई पत्रकार नहीं! सुप्रीम कोर्ट...

हाथ में माइक और मोबाइल लिए हर कोई पत्रकार नहीं! सुप्रीम कोर्ट तय करेगा सुरक्षा के नए नियम

आज के दौर में मोबाइल कैमरा और माइक के जरिए कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर खबरें और वीडियो साझा कर सकता है। लेकिन क्या ऐसा करने वाला हर व्यक्ति पत्रकार कहलाएगा? इसी अहम सवाल पर सुप्रीम कोर्ट(Supreme Court) विचार करने जा रहा है। अदालत यह भी देखेगी कि विरोध प्रदर्शनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रिपोर्टिंग करने वाले मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स की तुलना में अलग सुरक्षा मिलनी चाहिए या नहीं। यह पूरा मामला दिल्ली में 10 और 11 अक्टूबर 2026 को हुए विरोध प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग से जुड़ा है।

आरोप है कि इस दौरान सात पत्रकारों को पुलिस ने हिरासत में लिया, उनके साथ मारपीट की और खबर जुटाने से रोका। इस मामले को लेकर दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और वरिष्ठ पत्रकार परंजॉय गुहा ठाकुरता सहित कई लोगों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अदालत ने मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय समिति के सामने संबंधित पत्रकारों को अपने सबूत पेश करने को कहा है।

पत्रकारों को कितनी सुरक्षा मिलनी चाहिए?

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची तथा वी. मोहना की पीठ इस मामले में पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा के दायरे पर विचार कर रही है। अदालत यह समझना चाहती है कि प्रदर्शन की रिपोर्टिंग करते समय पत्रकारों को पुलिस की कार्रवाई से किस तरह संरक्षण मिलना चाहिए।

इसमें बिना उचित कारण हिरासत, मारपीट और रिपोर्टिंग में बाधा जैसे मुद्दे शामिल हैं। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि पत्रकार होने का मतलब कानून से छूट मिलना नहीं है। मीडिया की स्वतंत्रता और सार्वजनिक व्यवस्था के बीच संतुलन जरूरी है।

सोशल मीडिया क्रिएटर्स और पत्रकारों में क्या है अंतर?

दिल्ली पुलिस ने अदालत में कहा है कि पेशेवर पत्रकारों और सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले लोगों को एक ही श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। पुलिस के अनुसार, केवल कैमरा या माइक लेकर घूमने से किसी को पत्रकार नहीं माना जा सकता। वहीं अदालत पत्रकारों की पहचान तय करने के आधार और मान्यता प्राप्त मीडिया संस्थानों से जुड़े लोगों को मिलने वाली सुरक्षा पर विचार करेगी।

सुप्रीम कोर्ट के सामने अब यह महत्वपूर्ण सवाल है कि पत्रकार की पहचान कैसे तय की जाए और प्रदर्शन के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए कौन से नियम लागू होने चाहिए। इस मामले का फैसला भविष्य में पत्रकारों, स्वतंत्र रिपोर्टरों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के अधिकारों और जिम्मेदारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा दे सकता है।

यह भी पढ़ें : शादी के मंडप में मचा हड़कंप! सात फेरों से पहले पहुंची महिला सिपाही…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments