HomeBreaking NewsCIA के सिस्टम में हैकर्स की सेंध, अमेरिका में मचा हड़कंप, साइबर...

CIA के सिस्टम में हैकर्स की सेंध, अमेरिका में मचा हड़कंप, साइबर हमले के निशाने पर आए FBI और कृषि विभाग

CIA Cyber Attack: अमेरिका में सरकारी विभागों को निशाना बनाकर किए जा रहे साइबर हमलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अब हैकरों ने सीधे अमेरिकी खुफिया एजेंसी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) के एक सिस्टम में सेंध लगा दी है। भारत की खुफिया एजेंसी रॉ (RAW) की तरह CIA अमेरिका की प्रमुख विदेशी खुफिया एजेंसी है। इस घटना का असर अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर के कार्यालय (ODNI) पर भी पड़ा है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, CIA के जिस सिस्टम पर हमला हुआ है, उसमें सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियां इकट्ठा और उनका विश्लेषण किया जाता था। इस घटना के बाद अमेरिका के खुफिया नेटवर्क की साइबर सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे किसका हाथ है और हैकरों ने कितनी देर तक सिस्टम तक पहुंच बनाए रखी।

CIA के किस सिस्टम को बनाया गया निशाना?

रिपोर्ट के अनुसार, हैकरों ने CIA के उस सिस्टम में सेंध लगाई, जिसका इस्तेमाल ओपन सोर्स इंटेलिजेंस यानी सार्वजनिक स्रोतों से मिलने वाली जानकारियां जुटाने के लिए किया जाता था। इसमें सोशल मीडिया पोस्ट, सैटेलाइट तस्वीरें और इंटरनेट पर पहले से उपलब्ध दूसरी जानकारियां शामिल थीं।

इन जानकारियों का इस्तेमाल दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने, संभावित खतरों को पहचानने और खुफिया एजेंसियों को जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाता था।

हालांकि, इस सिस्टम में मौजूद जानकारियां क्लासिफाइड यानी गोपनीय नहीं थीं, लेकिन इनके गलत हाथों में पहुंचने से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है। दरअसल, अलग-अलग सार्वजनिक जानकारियों को आपस में जोड़कर ऐसी संवेदनशील जानकारियां हासिल की जा सकती हैं, जो किसी एक स्रोत से पता लगाना आसान नहीं होता।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हैकरों ने सिस्टम में मौजूद किन जानकारियों तक पहुंच बनाई और कितनी जानकारी प्रभावित हुई।

ODNI ने क्या कहा?

इस साइबर हमले का असर अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर के कार्यालय (ODNI) पर भी पड़ा है। हालांकि, ODNI के एक अधिकारी ने डेली मेल को बताया कि इस घटना से जरूरी क्षमताओं या गोपनीय सिस्टम के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है।

अधिकारी के मुताबिक, अभी तक किसी संवेदनशील या क्लासिफाइड सिस्टम के प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावरों को सिस्टम का एक्सेस कितने समय तक मिला और उन्होंने कौन-कौन सी जानकारियां हासिल कीं।

FBI के नेशनल क्राइम डेटाबेस में भी हुई सेंधमारी

CIA पर साइबर हमले का मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी जांच एजेंसी FBI भी साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी घटना की जांच कर रही है। हाल ही में FBI के नेशनल क्राइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (NCIC) में भी सेंधमारी की खबर सामने आई थी।

NCIC अमेरिका का एक राष्ट्रीय डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल स्थानीय, राज्य और संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां करती हैं। इसमें वांटेड अपराधियों, लापता लोगों और चोरी की संपत्तियों से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध रहती हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को फॉक्स न्यूज से फोन पर बातचीत के दौरान इस घटना पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था, ‘मैं इतना कहूंगा कि यह अच्छा नहीं है. मुझे यह पसंद नहीं है.’ फिलहाल FBI इस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि कितनी जानकारी प्रभावित हुई और साइबर हमले के पीछे कौन था।

अमेरिकी कृषि विभाग के ऐप भी करने पड़े थे बंद

अमेरिका के कृषि विभाग में भी पिछले सोमवार को साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक घटना सामने आई थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर विभाग के कुछ आंतरिक ऐप को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था।

इसके अलावा, पिछले सप्ताह नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) के आंतरिक गोपनीय नेटवर्क में भी कई दिनों तक तकनीकी परेशानी बनी रही थी। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि नेटवर्क में आई इस समस्या का कारण कोई साइबर हमला नहीं था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अमेरिकी सरकारी विभागों और खुफिया एजेंसियों के डिजिटल सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि इन साइबर हमलों के पीछे कौन है और क्या इनके जरिए अमेरिकी सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियों तक पहुंचने की कोशिश की गई थी।

Read More:

मोगा से पंजाब चुनाव प्रचार का आगाज करेगी AAP, 26 नवंबर को होगी विशाल रैली, अरविंद केजरीवाल CM मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments