HomeBreaking Newsबिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, कोयले से भरे ट्रक में जा घुसी स्कॉर्पियो,...

बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, कोयले से भरे ट्रक में जा घुसी स्कॉर्पियो, मासूम बच्चे समेत 5 की मौत

बिहार(Bihar) के लखीसराय में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो और कोयले से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो महिलाओं और 10 साल के एक बच्चे समेत पांच लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

यह दुर्घटना तेतरहट थाना क्षेत्र के गुनसागर गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग जमुई के रास्ते झारखंड के देवघर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयले से लदे ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई।

स्कॉर्पियो में सवार थे एक ही गांव के आठ लोग

पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल आठ लोग सवार थे। सभी पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र स्थित रामचंद्र ढाका गांव के रहने वाले थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राकेश गुप्ता (38), मीना देवी (50), पल्लवी देवी (28), बादल कुमार (10) और स्कॉर्पियो चालक जफर आलम के रूप में हुई है।

पांच लोगों की मौके के बाद अस्पताल में मौत की पुष्टि

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हादसे में घायल तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, घायलों में एक व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर है। उसे बेहतर इलाज के लिए आईसीयू में रखा गया है और लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर तेतरहट थाना प्रभारी इलू उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। हादसे में शामिल ट्रक कोयले से लदा था और उसका रजिस्ट्रेशन झारखंड का बताया जा रहा है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।

यह भी पढ़ें : दिल्ली में दलाई लामा का नया ठिकाना! लुटियंस जोन में मिला सरकारी बंगला…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments