HomeBreaking Newsजामा मस्जिद चाकूबाजी: 'मेरी शिकायत किसने की', कहकर 9 पुलिसकर्मियों पर किया...

जामा मस्जिद चाकूबाजी: ‘मेरी शिकायत किसने की’, कहकर 9 पुलिसकर्मियों पर किया हमला, आरोपी नबील का ऑपरेशन सफल

Attack on Delhi Police at Jama Masjid Police Station: दिल्ली के जामा मस्जिद और कला महल इलाके में सोमवार को हुई चाकूबाजी और पुलिस फायरिंग की घटना में नया अपडेट सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नबील अपनी मां और बहन की शिकायत से बेहद नाराज था। इसी गुस्से में वह जेब में चाकू छिपाकर जामा मस्जिद थाने पहुंचा और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

इस दौरान उसने थाने के अंदर और बाहर कुल 9 पुलिसकर्मियों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों का सर गंगाराम अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में 6 गोलियां लगीं। ताजा जानकारी के मुताबिक, नबील का ऑपरेशन सफल रहा है और अब वह खतरे से बाहर है। पुलिस उसकी हालत में सुधार के बाद उससे आगे की पूछताछ करेगी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि 30 वर्षीय नबील की मां और बहन सोमवार को जामा मस्जिद थाने पहुंची थीं। उन्होंने शिकायत की थी कि नबील बेरोजगार है, कोई काम नहीं करता और घर में अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करता है। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने उसे समझाने के लिए दोपहर करीब 2:30 बजे थाने बुलाया था।

‘मेरी शिकायत किसने की’, पूछते ही पुलिसकर्मियों पर किया हमला

जांच के मुताबिक, नबील अपनी मां और बहन की शिकायत से काफी नाराज था। वह पहले से ही पुलिसकर्मियों पर हमला करने की तैयारी करके घर से निकला था। उसने अपनी जेब में चाकू छिपा रखा था। दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही वह थाने पहुंचा, उसने गुस्से में चिल्लाना शुरू कर दिया और पूछा कि उसकी शिकायत किसने की है और पुलिस ने उसे थाने क्यों बुलाया है।

बताया जा रहा है कि वह पुलिसकर्मियों पर हमला करके अपनी मां और बहन को यह दिखाना चाहता था कि वह किसी से नहीं डरता। इसी दौरान जब एक सब-इंस्पेक्टर ने उससे बातचीत कर समझाने की कोशिश की, तो उसने अचानक जेब से चाकू निकालकर सब-इंस्पेक्टर के चेहरे और गर्दन पर हमला कर दिया।

थाने से बाहर भागकर लूटी स्कूटी

सब-इंस्पेक्टर को बचाने के लिए चार अन्य पुलिसकर्मी आगे आए, लेकिन नबील ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह थाने से बाहर भाग निकला और रास्ते में एक स्कूटी लूट ली। स्कूटी लेकर वह जामा मस्जिद की संकरी गलियों से होते हुए कला महल स्थित अपने घर की तरफ जाने लगा।

पुलिस टीम ने उसे रोकने और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने चार अन्य पुलिसकर्मियों पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस तरह थाने के अंदर और बाहर कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को गंभीर हालत में सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भीड़भाड़ वाली संकरी गलियों में आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस ने कुल 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 6 गोलियां नबील के पैर में लगीं। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

DCP ने क्या बताया

DCP सेंट्रल दिल्ली रोहित राजवीर के मुताबिक, शुरुआती जांच में नबील की मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत हो रही है। ऐसा लग रहा है कि परिवार के साथ हुए विवाद और गुस्से का बदला उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करके निकाला। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह घर से चाकू लेकर थाने किस इरादे से पहुंचा था।

घटना के बाद पुलिस ने नबील के घर और एनकाउंटर वाली जगह के आसपास के लोगों से भी बातचीत की। कुछ पड़ोसियों ने बताया कि नबील आमतौर पर झगड़ा नहीं करता था। दो दिन पहले उसका परिवार के साथ विवाद हुआ था, लेकिन सोमवार दोपहर तक वह गली में सामान्य तरीके से घूम रहा था।

वहीं, एक अन्य पड़ोसी ने बताया कि कुछ साल पहले नबील का मानसिक परेशानी को लेकर इलाज चला था, लेकिन इसके बाद वह ठीक हो गया था।

फिलहाल नबील का ऑपरेशन सफल हो चुका है और वह खतरे से बाहर है। पुलिस अब उसकी हालत में सुधार के बाद दोबारा पूछताछ करेगी, ताकि हमले की पूरी वजह और चाकू लेकर थाने पहुंचने के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके।

Read More:

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कीर्तन समागम में पहुंचे PM मोदी, शबद कीर्तन में हुए शामिल, युवाओं को नशे से बचाने के लिए दिया बड़ा संदेश

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments