HomeBreaking Newsश्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कीर्तन समागम में...

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कीर्तन समागम में पहुंचे PM मोदी, शबद कीर्तन में हुए शामिल, युवाओं को नशे से बचाने के लिए दिया बड़ा संदेश

Shri Guru Nanak Prakash Parv 2026: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल आवास (LG हाउस) में विशेष शबद कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने गुरबाणी कीर्तन सुना और श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद किया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक माहौल के बीच पीएम मोदी ने युवाओं को नशे से बचाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे की लत सिर्फ एक युवा का जीवन नहीं बिगाड़ती, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को बिखेर देती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘जब एक युवा नशे की गिरफ्त में आता है, तो उसके साथ परिवार के सपने बिखर जाते हैं। देश का हर युवा नशे से आजाद हो, वो अपने सपनों को पूरा करे, आगे बढ़े। इस प्रयास में परिवारों की भूमिका बड़ी है। हमारे संगत, गुरुद्वारे सब मिलकर युवाओं को सही रास्ता दिखा सकते हैं।’

पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, समाज और धार्मिक संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। संगत और गुरुद्वारे नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने सपनों को पूरा करने और देश की तरक्की में योगदान देने का आह्वान किया।

श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को किया याद

समागम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के लिए कीर्तन केवल भक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि साधना और ज्ञान का सागर था। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारों में मत्था टेकना, लंगर चखना और सिख संतों की संगत में शामिल होना उनके जीवन का सहज हिस्सा रहा है।

प्रधानमंत्री ने सिख परंपरा और उसके बलिदान की भावना का भी उल्लेख किया। उन्होंने श्री गुरु तेगबहादुर जी की शहादत के 350 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए कहा कि सिख परंपरा राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने की प्रेरणा देती है।

पहली बार LG आवास पहुंचे PM मोदी

दिल्ली में आयोजित इस विशेष कीर्तन समागम की एक और खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार दिल्ली के उपराज्यपाल आवास पहुंचे। यहां उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास पर प्रकाश पर्व से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। प्रधानमंत्री ने शबद कीर्तन में हिस्सा लिया और गुरबाणी सुनकर श्री गुरु नानक देव जी को नमन किया।

गौरतलब है कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। सिख समुदाय के लिए यह दिन बेहद महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर देशभर के गुरुद्वारों में विशेष अरदास, कीर्तन और लंगर का आयोजन किया जाता है।

पहले भी भक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए थे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले भी युवाओं के बीच एक भक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए थे। 25 सितंबर को दिल्ली के दीनदयाल पार्क में पंडित दीनदयाल की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में पीएम मोदी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जेन-जी (Gen-Z) के साथ समय बिताया था। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री खंजरी बजाते और भजनों के साथ गुनगुनाते नजर आए थे।

Read More:

Guru Nanak Jayanti 2026: श्री गुरु नानक जयंती पर क्यों खिलाया जाता है लंगर? कैसे हुई थी इस परंपरा की शुरुआत, जानें ‘सच्चे सौदे’ की पूरी कहानी

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments