HomeBreaking Newsशादी की खुशियां मातम में बदलीं! बग्गी में उतरा करंट, दो बैंडकर्मियों...

शादी की खुशियां मातम में बदलीं! बग्गी में उतरा करंट, दो बैंडकर्मियों की मौत, दूल्हे ने ऐसे बचाई जान

उत्तर प्रदेश(UP News) के फिरोजाबाद जिले में एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सिरसागंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर बैजुआ गांव में शनिवार (21 नवंबर 2026) रात बरात चढ़त के समय दूल्हे की बग्गी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते पूरी बग्गी में करंट फैल गया। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। बग्गी में लगी दोनों घोड़ियों की भी मौके पर मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि दूल्हे ने समय रहते बग्गी से छलांग लगा दी और उसकी जान बच गई।

जानकारी के मुताबिक, बरात मथुरा जिले के फरह क्षेत्र से सिरसागंज के दौलतपुर बैजुआ गांव आई थी। रात करीब 9:30 बजे शादी की रस्म के तहत बरात चढ़ाई जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे की बग्गी का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन बिजली के तारों से छू गया। तारों के संपर्क में आते ही बग्गी में करंट दौड़ने लगा और उससे धुआं निकलने लगा। अचानक हुई इस घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

दो लोगों की मौत, दो घोड़ियों ने भी तोड़ा दम

करंट की चपेट में आने से बैंड गायक अकील और लाइटकर्मी पप्पू सिद्दीकी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा बग्गी खींच रही दोनों घोड़ियों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में बैंडकर्मी विवेक समेत दो लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

घटना की जानकारी मिलते ही सिरसागंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की स्थिति संभाली। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से गांव और दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें : अब सरकारी दफ्तरों के नहीं काटने होंगे चक्कर! Facebook-X पर सीधे दर्ज होगी शिकायत…

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments