Chapo Isidro Arrested: मैक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया फॉस्तो इसिद्रो ‘चापो इसिद्रो’ मेसा फ्लोरेस को आखिरकार सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। 44 वर्षीय इसिद्रो अमेरिकी जांच एजेंसी FBI की 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल था और उस पर 50 लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित था। मैक्सिको और अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के सहयोग से चलाए गए इस हाईप्रोफाइल ऑपरेशन में मैक्सिको की सेना, नेशनल गार्ड स्पेशल फोर्सेज ने हिस्सा लिया। गिरफ्तारी के दौरान हुई भीषण मुठभेड़ में सेना के चार जवान शहीद हो गए, जबकि सात अन्य संदिग्ध मारे गए। इसिद्रो के साथ उसके गैंग के दो पुराने सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है।
फिल्मी अंदाज में हुई गिरफ्तारी
इसिद्रो की गिरफ्तारी कोई सामान्य कार्रवाई नहीं थी। रक्षा सचिवालय के मुताबिक, फॉस्तो इसिद्रो ‘चापो इसिद्रो’ मेसा फ्लोरेस समेत कुल आठ लोगों को सिनालोआ के गुआसावे इलाके से पकड़ा गया। जैसे ही उसकी गिरफ्तारी की खबर सामने आई, मैक्सिको के एक हिस्से में हिंसा भड़क उठी। उसके समर्थकों ने गिरफ्तारी के विरोध में हंगामा किया। वहीं, उसके अत्याचारों से परेशान लोगों का कहना है कि सुरक्षाबलों को उसे मौके पर ही मार गिराना चाहिए था।
गोलियों और विस्फोटकों से हमला
ड्रग माफिया को पकड़ने के लिए मैक्सिको की सेना ने हेलीकॉप्टरों और विशेष बलों की मदद ली। ऑपरेशन के दौरान दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई और स्मोक बम का इस्तेमाल किया गया। रक्षा सचिवालय के अनुसार, सुरक्षाबलों ने अमेरिकी एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उसके ठिकाने की पहचान की थी। इसके बाद विशेष बलों ने अचानक कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी, ताकि इसिद्रो भाग न सके और उसके साथी मदद के लिए वहां न पहुंच सकें। हालांकि, परिसर में दाखिल होने से पहले सुरक्षाबलों पर गोलियों और विस्फोटकों से हमला किया गया। इस मुठभेड़ में मैक्सिको के चार जवान शहीद हुए और सात संदिग्ध मारे गए। आखिरकार सुरक्षा बलों ने इसिद्रो को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रंप की वापसी के बाद बढ़ा अमेरिका का दबाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा व्हाइट हाउस लौटने के बाद मैक्सिको पर ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का दबाव बढ़ा है। FBI का आरोप है कि इसिद्रो अमेरिका में फेंटेनाइल, कोकीन, हेरोइन और अन्य खतरनाक नशीले पदार्थों की बड़े पैमाने पर तस्करी करता था। अमेरिका लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की मांग कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी को दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
कौन है चापो इसिद्रो?
फॉस्तो इसिद्रो मेसा फ्लोरेस को मैक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग माफियाओं में गिना जाता है। उसे अल चापो जैसा शातिर अपराधी माना जाता है। वह मेसा फ्लोरेस ऑर्गनाइजेशन का प्रमुख था, जिसे गुआसावे कार्टेल के नाम से भी जाना जाता है। वह 1990 के दशक से ड्रग्स की तस्करी में सक्रिय था, लेकिन लंबे समय तक सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त से बचता रहा। इसकी एक बड़ी वजह उसका लो-प्रोफाइल रहना और सार्वजनिक तौर पर ज्यादा सामने न आना था।
छोटी पुड़िया बेचने से बना अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया
इसिद्रो ने अपने अपराध की शुरुआत छोटे स्तर पर ड्रग्स बेचने से की थी। शुरुआती दिनों में वह नशीले पदार्थों की छोटी-छोटी पुड़िया बेचता था। धीरे-धीरे उसने तस्करी के बड़े नेटवर्क में अपनी जगह बना ली। बताया जाता है कि उसने कबाड़ के कारोबार से शुरुआत करने के बाद ड्रग्स के धंधे में बड़ा साम्राज्य खड़ा किया। बाद में उसने बेल्ट्रान लेयवा संगठन में अहम भूमिका निभाई और फिर अपने मेसा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन का नेतृत्व करने लगा।
इसिद्रो की गिरफ्तारी को मैक्सिको में संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी के दौरान चार सैनिकों की शहादत और सात संदिग्धों की मौत ने इस ऑपरेशन को बेहद हिंसक बना दिया।
Read More:

