Devuthani Ekadashi 2026: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी या प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। उनके जागने के साथ ही सभी देवताओं के जागृत होने की मान्यता है। इसी दिन से विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी होती है। इस बार देवउठनी एकादशी 20 और 21 नवंबर, दोनों दिन मनाई जा रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं के पास भगवान विष्णु की पूजा और विशेष उपाय करने के लिए दो दिन का अवसर है।
मंत्रों और शंख की ध्वनि से भगवान विष्णु को जगाएं
देवउठनी एकादशी की सुबह स्नान करने के बाद भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने की परंपरा है। इसके लिए पूजा स्थल पर हल्दी और आटे से चौक बनाएं और उस पर भगवान विष्णु के कमल चरणों के चिह्न अंकित करें। इसके बाद शंख और घंटी बजाते हुए नीचे दिए गए मंत्रों का उच्चारण करें।
उत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पतये।
त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्॥
उत्थिते चेष्टते सर्वमुत्तिष्ठोत्तिष्ठ माधव।
गतामेघा वियच्चैव निर्मलं निर्मलादिशः॥
शारदानि च पुष्पाणि गृहाण मम केशव।
भगवान विष्णु को आंवले का भोग लगाएं
इस दिन भगवान विष्णु की पूजा में आंवले का विशेष महत्व माना जाता है। श्रीहरि को आंवले का भोग लगाएं और आंवले के पेड़ की भी पूजा करें। धार्मिक मान्यता है कि देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है। आंवले के अलावा गुड़, चने की दाल, केला, गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद और बेर भी भगवान को अर्पित कर सकते हैं।
पंचामृत से करें भगवान विष्णु का अभिषेक
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने के बाद उनका पंचामृत से अभिषेक करना चाहिए। इसके लिए दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल मिलाकर पंचामृत तैयार करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रीहरि को पंचामृत से अभिषेक करना प्रिय है। ऐसा करने से जीवन की बाधाएं और तनाव दूर होने तथा कार्यों में सफलता मिलने की मान्यता है।
108 बार करें भगवान विष्णु के मंत्र का जाप
इस पावन दिन कुछ समय एकांत में बैठकर भगवान विष्णु के कल्याण मंत्र ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ का जाप करें। मंत्र का कम से कम 108 बार जाप करना शुभ माना जाता है। यदि आपके पास इतना समय नहीं है, तो श्री विष्णु सहस्रनाम या श्री विष्णु चालीसा का पाठ कर सकते हैं। इसके साथ ही देवउठनी एकादशी की व्रत कथा सुनना भी पुण्यदायी माना जाता है। मान्यता है कि इससे ग्रह दोषों से मुक्ति मिलती है।
तुलसी की पूजा और शाम को जलाएं घी का दीपक
देवउठनी एकादशी पर माता तुलसी की पूजा करना भी विशेष फलदायी माना जाता है। इस दिन तुलसी के पौधे में जल अर्पित करें और कम से कम 11 बार उसकी परिक्रमा करें। शाम के समय तुलसी के पास गाय के घी का दीपक जलाएं। इस अवसर पर तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी पूजा से घर में सुख, समृद्धि और शांति का वास होता है।
Read More:
Gold-Silver Price: सोने में भारी गिरावट, चांदी भी लुढ़की, खरीदने से पहले देखें अपने शहर का भाव

