HomeBreaking Newsमेडिकल स्टोर से खुला नकली दवाओं का बड़ा नेटवर्क, हिमाचल प्रदेश की...

मेडिकल स्टोर से खुला नकली दवाओं का बड़ा नेटवर्क, हिमाचल प्रदेश की 2 अवैध फैक्ट्रियों पर पड़ा छापा

उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं की जांच करते हुए एजेंसियों ने हिमाचल प्रदेश तक फैले एक अवैध दवा निर्माण नेटवर्क का खुलासा किया है। वाराणसी के एक मेडिकल स्टोर पर मिली संदिग्ध टैबलेट की जांच से शुरू हुई पड़ताल सोलन और बद्दी तक पहुंच गई। यूपी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) और यूपी एसटीएफ की टीम ने हिमाचल प्रदेश में दो ऐसी यूनिट्स पकड़ी हैं, जहां बिना लाइसेंस दवाएं बनाई जा रही थीं। छापेमारी में दवा निर्माण की मशीनें, कच्चा माल, अर्धनिर्मित और तैयार दवाएं बरामद हुई हैं। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के जरिए तैयार की गई दवाओं की मात्रा और उनकी सप्लाई के ठिकानों का पता लगा रही हैं।

वाराणसी के मेडिकल स्टोर से शुरू हुई जांच

इस मामले की शुरुआत 30 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना गांव स्थित मेसर्स एसपी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी से हुई। यहां कुछ टैबलेट मिलीं, जिनकी पैकेजिंग पर एक नामी दवा कंपनी का ब्रांड छपा था। निर्माता कंपनी से जांच कराने पर दवाएं नकली निकलीं। मेडिकल स्टोर संचालक सुनील कुमार पटेल ने पूछताछ में बताया कि उसने ये दवाएं लहरतारा की सुपर ड्रग एजेंसी के सेल्समैन अशोक कुमार वर्मा से बिना बिल खरीदी थीं। कार्रवाई के दौरान करीब पांच लाख रुपये की अन्य दवाएं भी जब्त की गईं। इसके बाद 2 नवंबर को टीम ने अशोक वर्मा और डिलीवरी करने वाले प्रियांशु तिवारी से पूछताछ की। उनकी जानकारी पर पुलिस रोहनिया क्षेत्र के परमानंदपुर में सुरेंद्र नाथ मिश्रा के घर पहुंची। वहां एक कमरे में 17 तरह की एलोपैथिक दवाओं का स्टॉक मिला। इन दवाओं के पैकेट पर छपाई और स्पेलिंग से जुड़ी गड़बड़ियां थीं। टीम ने 11 नमूने लिए और करीब दो लाख रुपये की दवाएं जब्त कीं।

हिमाचल तक पहुंची सप्लाई की कड़ी

सुरेंद्र नाथ मिश्रा ने पूछताछ में बताया कि उसे दवाएं सोनभद्र के अनपरा निवासी अभिषेक सिंह उर्फ रवि सप्लाई करता था। दोनों मोबाइल ऐप के जरिए संपर्क में रहते थे। जांच में यह भी सामने आया कि अभिषेक का नाम 2023 में वाराणसी के सिगरा थाने में दर्ज नकली दवाओं के एक बड़े मामले में आया था, जिसमें उसे गिरफ्तार किया गया था। अभिषेक से पूछताछ के बाद हिमाचल प्रदेश में दवाएं तैयार किए जाने की जानकारी मिली। इस दौरान सहारनपुर निवासी हसीन और वसीम के नाम भी सामने आए। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों सोलन क्षेत्र में दवाओं का निर्माण करवाकर उनकी सप्लाई करते थे।

सोलन और बद्दी में बिना लाइसेंस चल रही थीं यूनिट्स

मिली जानकारी के आधार पर UPFSDA की विशेष टीम ने लखनऊ एसटीएफ के साथ 18 नवंबर को सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के राजपुरा-खेड़ा बाईपास क्षेत्र में छापा मारा। यहां बिना लाइसेंस दवा निर्माण यूनिट चलती मिली। मौके से ब्लिस्टर पैकिंग और अलु-अलु पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन, वजन करने वाले उपकरण, प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग सामग्री बरामद हुई। नामी कंपनियों के ब्रांड जैसी पैकेजिंग तैयार करने से जुड़ा सामान भी मिला। इसके बाद टीम बद्दी के जुड्डीकलां स्थित एक अन्य फार्मा यूनिट पहुंची। यहां भी बिना लाइसेंस दवाएं बनाने का खुलासा हुआ। मौके पर टैबलेट, कैप्सूल और सिरप तैयार करने वाली मशीनों के साथ कच्चा माल, अर्धनिर्मित और तैयार दवाएं मिलीं। इनमें एंटीबायोटिक्स, एंटासिड और कफ सिरप से जुड़ी सामग्री शामिल है। इस यूनिट के मामले में हिमाचल प्रदेश का औषधि विभाग आगे की कार्रवाई कर रहा है।

Read More

पंजाब में SGPC का चुनाव: हरजिंदर सिंह धामी को दोबारा मिली कमान, छठी बार बने अध्यक्ष

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments