उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड के पैतृक गांव पंचूर जाएंगे। 91 वर्षीय सावित्री देवी का उम्र संबंधी बीमारियों के चलते पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में निधन हो गया। मुख्यमंत्री कुछ देर में उत्तराखंड के लिए रवाना होंगे। उनके कार्यक्रम के मुताबिक, वह पहले गोरखपुर से लखनऊ पहुंचेंगे और फिर विमान से देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट जाएंगे।
जॉली ग्रांट से हेलिकॉप्टर के जरिए पहुंचेंगे पंचूर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर करीब 3 बजे देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलिकॉप्टर के जरिए यमकेश्वर के हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर जाएंगे। मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के बाद वह वापस उत्तर प्रदेश लौटेंगे। सावित्री देवी लंबे समय से पंचूर गांव में रह रही थीं। यही योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी है। मुख्यमंत्री का जन्म उत्तराखंड में हुआ था और उनका बचपन इसी गांव में बीता। मई 2022 में लंबे अंतराल के बाद जब योगी अपने गांव पहुंचे थे, तब उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।
2024 में एम्स जाकर मां का जाना था हाल
CM योगी आदित्यनाथ जून 2024 में भी उत्तराखंड गए थे। उस दौरान उनकी मां सावित्री देवी ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती थीं। मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचे और मां से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। उन्होंने डॉक्टरों से भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। सावित्री देवी इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थीं। जांच के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। आंखों की जांच के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री उस समय कुछ देर मां के पास रुके और बातचीत के बाद वहां से रवाना हो गए थे।
CM धामी, मायावती और अखिलेश ने जताया शोक
सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की अनमोल पूंजी होता है। धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। बसपा प्रमुख मायावती ने भी सावित्री देवी के निधन पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार और रिश्तेदारों के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदना जताई। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X पर लिखा कि मुख्यमंत्री की माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
Read More
शादी का झांसा देकर 14 महिलाओं को फंसाया, 18 लाख रुपये ऐंठे, UAE से भारत लाया गया आरोपी मोहम्मद माजिन

