बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने गुरुवार को देशभर में सुबह से शाम तक लॉकडाउन बुलाया है। पार्टी ने यह फैसला ऐसे समय लिया है, जब देश के कई हिस्सों में आगजनी, देसी बम धमाके, पुलिस के साथ झड़पें और गारमेंट मजदूरों के प्रदर्शन जारी हैं। हसीना के दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की चर्चाओं के बीच राजनीतिक तनाव भी बढ़ता जा रहा है।
स्कूल-कॉलेज और दफ्तर बंद रखने की अपील
अवामी लीग ने 14 से 19 नवंबर तक पांच दिवसीय विरोध कार्यक्रम घोषित किया है। गुरुवार का लॉकडाउन इसी अभियान का हिस्सा है। पार्टी ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर आठ मांगें रखी हैं। इनमें पार्टी से प्रतिबंध हटाना, इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल को खत्म करना, कथित झूठे मुकदमे वापस लेना और राजनीतिक बंदियों की रिहाई शामिल है। इसके अलावा जरूरी सामान की कीमतें नियंत्रित करने और बंद औद्योगिक इकाइयों को दोबारा शुरू करने की मांग की गई है। विरोध अभियान के तहत 14 नवंबर को पर्चे बांटे गए, 15 नवंबर को रैलियां निकाली गईं और 16 नवंबर को ज्ञापन सौंपे गए। 17 नवंबर को हसीना को सुनाई गई मौत की सजा के विरोध में ‘ब्लैक डे’ मनाया गया। लॉकडाउन के दौरान परिवहन, दुकानें, उद्योग, बैंक, अदालत और शिक्षण संस्थान बंद रखने का आह्वान किया गया है। अस्पताल, एंबुलेंस, फार्मेसी, दमकल और मीडिया सेवाओं को छूट दी गई है।
बंदियों को छुड़ाने और हथियार लूटने का आरोप
शेख हसीना के जन्मस्थान तुंगीपारा वाले गोपालगंज जिले में हिंसा सबसे ज्यादा देखने को मिली है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़े, वाहनों में तोड़फोड़ की और शेख कमल स्टेडियम के पास जुलाई मेमोरियल में आग लगा दी। जानकारी के मुताबिक, बीएनपी नेताओं के कम से कम सात घरों पर हमले हुए। मंगलवार को तुंगीपारा थाने के बाहर जुटी भीड़ ने कथित तौर पर इमारत और गाड़ियों में आग लगा दी। कई बंदियों को छुड़ाया गया और हथियार भी लूटे गए। बीएनपी सांसद एसएम जिलानी के घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। थाने में नौ पुलिस वाहन और 15 मोटरसाइकिलें जलने की खबर है।
दिसंबर में लौट सकती हैं शेख हसीना
बांग्लादेश के कम से कम 28 जिलों में बीते 10 दिनों के दौरान बम धमाकों और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। 7 से 9 नवंबर के बीच 19 बसें जलाई गईं और 29 जगह देसी बम फटने की सूचना मिली। 16 नवंबर को ढाका एयरपोर्ट के पास भी दो धमाके हुए। ग्रामीण बैंक की कम से कम 37 शाखाओं और कार्यालयों को भी निशाना बनाया गया। वहीं, गाजीपुर, सावर और आशुलिया में गारमेंट मजदूर वेतन बढ़ाने की मांग पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को गाजीपुर में एक पुलिस वाहन में आग लगा दी गई।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।