HomeBreaking Newsगोरखपुर में अखिलेश यादव का शक्ति प्रदर्शन, PDA रथ पर सवार होकर...

गोरखपुर में अखिलेश यादव का शक्ति प्रदर्शन, PDA रथ पर सवार होकर कर रहे 20 KM लंबा रोड शो!

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव(Akhilesh Yadav) बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक मौजूद रहे।

एयरपोर्ट से अखिलेश यादव PDA रथ पर सवार होकर चौरीचौरा के लिए रवाना हुए। उनके कार्यक्रम में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो शामिल है। रास्ते में कई जगहों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। सपा इस दौरे के जरिए पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

अखिलेश यादव चौरीचौरा के देवकही गांव में शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही वह पूर्व छात्रनेता स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

हरिशंकर तिवारी के परिवार से होगी मुलाकात

इस दौरे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा जटाशंकर स्थित तिवारी हाता में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के परिवार से मुलाकात भी है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव दोपहर करीब 3:45 बजे तिवारी हाता पहुंचेंगे। यहां उनकी मुलाकात पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से होगी। वह परिवार के साथ लगभग 30 मिनट बिताएंगे।

पूर्वांचल में सियासी समीकरण साधने की तैयारी

हरिशंकर तिवारी का पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय तक प्रभाव रहा है। ऐसे में उनके परिवार से अखिलेश यादव की मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है। इसे पूर्वांचल में ब्राह्मण समाज के बीच सपा की पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला होने के कारण राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

ऐसे में यहां PDA रथ के साथ अखिलेश यादव का रोड शो पार्टी की मिशन 2027 की तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। सपा की कोशिश विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संगठन को मजबूत करने और पूर्वांचल में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की है। कार्यक्रम पूरा होने के बाद अखिलेश यादव शाम करीब 4:15 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और फिर लखनऊ लौटेंगे।

यह भी पढ़ें : जालंधर पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, डेरा सचखंड बल्लां में संत निरंजन…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments