HomeBreaking Newsछठ के बाद घर लौटने वालों के लिए दिल्ली मैट्रो ने बदली 5...

छठ के बाद घर लौटने वालों के लिए दिल्ली मैट्रो ने बदली 5 दिन तक की टाइमिंग, किया खास इंतजाम…

छठ पूजा मनाने के बाद बिहार और दूसरे राज्यों से दिल्ली लौटने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे स्टेशनों पर उतरने के बाद लोगों को अपने घर पहुंचने में परेशानी न हो इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल(Delhi Metro) कॉरपोरेशन (DMRC) ने विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत 18 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक दिल्ली के दो प्रमुख मेट्रो स्टेशनों से सेवाएं सामान्य दिनों के मुकाबले पहले शुरू होंगी। इस दौरान यात्रियों को सुबह 5:15 बजे से ही मेट्रो की सुविधा मिलने लगेगी।

DMRC के इस फैसले से खासतौर पर उन लोगों को फायदा होगा, जो छठ का त्योहार मनाकर ट्रेन से दिल्ली वापस आएंगे। आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास पहुंचने वाले यात्रियों के लिए घर तक का सफर आसान बनाने की कोशिश की गई है।

ब्लू, पिंक और येलो लाइन पर सुबह जल्दी मिलेगी मेट्रो

DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के मुताबिक, 18 से 22 नवंबर तक आनंद विहार मेट्रो स्टेशन से ब्लू और पिंक लाइन पर सुबह 5:15 बजे से ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। वहीं, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से येलो लाइन की सेवाएं भी इसी समय शुरू हो जाएंगी।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। इसके अलावा राजीव चौक और कश्मीरी गेट जैसे बड़े इंटरचेंज स्टेशनों पर दूसरी मेट्रो लाइनों से कनेक्टिविटी बेहतर रखने की व्यवस्था की जाएगी। इससे रेड, ग्रीन और वायलेट लाइन पर सफर करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिल सकती है।

छठ पूजा पर भी बदला गया था मेट्रो का समय

गौरतलब है कि छठ पूजा के दिन भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने अपने परिचालन समय में बदलाव किया था। सामान्य दिनों में सुबह 6 बजे शुरू होने वाली मेट्रो सेवाएं उस दिन सुबह 4:30 बजे से ही शुरू कर दी गई थीं।

DMRC समय-समय पर त्योहारों और विशेष आयोजनों के दौरान यात्रियों की संख्या को देखते हुए ऐसे इंतजाम करता है। अब छठ के बाद दिल्ली लौटने वाले लोगों के लिए भी पांच दिनों तक सुबह जल्दी मेट्रो चलाने का फैसला लिया गया है। इससे यात्रियों को रेलवे स्टेशन से अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत होगी।

यह भी पढ़ें : पानी और कीचड़ के सहारे चीन ने ये क्या कर डाला? ड्रैगन की इस अजीबोगरीब तकनीक को देख…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments