HomeBreaking Newsअसम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कई यात्रियों के घायल होने...

असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका

असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे बेपटरी हो गए। ट्रेन मिजोरम से कोलकाता जा रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है, हालांकि किसी की मौत की खबर नहीं है। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है।

दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, 11 नवंबर की सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। रेलवे अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों और इसकी विस्तृत वजह की जांच की जा रही है।

इंजन समेत पांच कोच बेपटरी, कई यात्री घायल

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। रेलवे की ओर से भी फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है। दुर्घटना के बाद मौके पर बचाव दल और रेलवे कर्मचारी पहुंच गए। पटरियों से क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल यातायात बहाल करने के लिए रिकवरी ट्रेन भेजी गई है।

यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, हादसे में प्रभावित यात्रियों को दूसरी ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। राहत और बचाव का काम तत्काल शुरू कर दिया गया था। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। रेलवे की टीमें हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने में लगी हैं। फिलहाल घायलों की संख्या और दुर्घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments