HomeBreaking Newsकानपुर में AI की मदद से किया रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन,...

कानपुर में AI की मदद से किया रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन, 8 घंटे में लगाए 16 स्क्रू और 2 रॉड

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित GSVM मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने आधुनिक तकनीक की मदद से एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। जन्मजात रीढ़ की हड्डी के टेढ़ेपन से परेशान 16 वर्षीय गोविंद का ऑपरेशन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दिशा-निर्देशों के आधार पर किया गया। 27 नवंबर को डॉ. मनीष सिंह के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने करीब 8 घंटे तक सर्जरी की। डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत ठीक है।

CT स्कैन और MRI से तैयार किया रीढ़ का डिजिटल मैप

गोविंद की रीढ़ की हड्डी जन्म से ही टेढ़ी और घूमी हुई थी। इस समस्या के कारण उसे चलने-फिरने में काफी परेशानी होती थी। इलाज के लिए न्यूरो पीजीआई विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह की टीम ने पहले मरीज का CT स्कैन और MRI कराया। इन जांचों से मिले डेटा को न्यूरो नेविगेशन मशीन में अपलोड किया गया। इसके जरिए रीढ़ की हड्डी की बनावट और आसपास की नसों की स्थिति का विस्तृत अध्ययन किया गया। इसके बाद कंप्यूटर आधारित मैप तैयार कर AI की मदद से सर्जरी की योजना बनाई गई।

AI ने बताया कहां और कितनी गहराई पर लगाने हैं स्क्रू

डॉ. मनीष सिंह के मुताबिक, आठ सदस्यीय टीम ने AI के निर्देशों के आधार पर ऑपरेशन पूरा किया। सर्जरी के दौरान सिस्टम लगातार बताता रहा कि किस स्थान पर स्क्रू लगाना है और उसे कितनी गहराई तक डालना है। इन निर्देशों का पालन करते हुए डॉक्टरों ने गोविंद की रीढ़ में 16 स्क्रू लगाए। इसके अलावा दो विशेष धातु की रॉड लगाकर रीढ़ की हड्डी को सीधा किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी टीम के लिए AI के दिशा-निर्देशों पर किया गया यह पहला ऑपरेशन था।

जरा सी चूक से हो सकता था पैरालिसिस

डॉक्टरों ने बताया कि जन्मजात स्पाइनल डिफॉर्मिटी में रीढ़ की हड्डी टेढ़ी होने के साथ घूम भी सकती है। ऐसी स्थिति में ऑपरेशन बेहद संवेदनशील होता है, क्योंकि स्क्रू लगाने के दौरान थोड़ी सी चूक भी नसों को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे मरीज को स्थायी पैरालिसिस या विकलांगता होने का खतरा रहता है। फिलहाल गोविंद की हालत ठीक बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, वह आराम से है और उसे दो दिन के भीतर अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की संभावना है। इस सर्जरी में AI और न्यूरो नेविगेशन तकनीक के इस्तेमाल को जटिल स्पाइनल ऑपरेशन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Read More

कौन हैं जे. रविंदर गौड़? जो संभालेंगे नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की कमान

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments