HomeBreaking Newsपंजाब में आज रात 8 बजे बजेगा एयर रेड सायरन, कई जिलों...

पंजाब में आज रात 8 बजे बजेगा एयर रेड सायरन, कई जिलों में ब्लैकआउट, चंडीगढ़ में शाम 7 बजे से मॉक ड्रिल, जानें पूरी तैयारी

Punjab Mock Drill: पंजाब और चंडीगढ़ में आज सिविल डिफेंस की ओर से बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए एयर रेड सायरन बजाए जाएंगे और चिह्नित इलाकों में ब्लैकआउट का अभ्यास होगा। पंजाब में यह अभ्यास रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि चंडीगढ़ में शाम 7 बजे से मॉक ड्रिल की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं, क्योंकि यह केवल आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए किया जा रहा अभ्यास है।

पंजाब के सभी जिलों में होगी मॉक ड्रिल

केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों पर पंजाब के सभी जिलों में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन, पुलिस और बचाव दलों की तैयारियों का जायजा लेना है।

अभ्यास की शुरुआत दो मिनट तक ऊंची और धीमी आवाज वाले सायरन (हाई-लो पिच) से होगी। इसके जरिए लोगों को हवाई हमले की चेतावनी देने का अभ्यास किया जाएगा।

पंजाब के चिह्नित इलाकों में करीब 15 मिनट तक ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान लोगों को गैरजरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, आवश्यक सेवाएं पहले की तरह चालू रहेंगी।

अमृतसर में एयरपोर्ट रोड पर होगा अभ्यास

अमृतसर में आज रात 8 बजे एयर रेड ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास एयरपोर्ट रोड स्थित श्री गुरु रामदास अर्बन एस्टेट में होगा। इस दौरान दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा और ब्लैकआउट का अभ्यास किया जाएगा।

प्रशासन के मुताबिक, इस अभ्यास का मकसद आपातकालीन स्थिति में सिविल डिफेंस की क्षमता और तैयारियों को परखना है। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

फिरोजपुर में 10 मिनट रहेगा ब्लैकआउट

फिरोजपुर में भी आज रात 8 बजे सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल होगी। यहां हाउसिंग बोर्ड और पुडा मार्केट इलाके में रात 8 बजे से 8:10 बजे तक ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान सायरन भी बजाए जाएंगे।

सिविल डिफेंस की टीमें लोगों को युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने और बचाव के तरीकों की जानकारी देंगी। इसके साथ ही जरूरी सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

चंडीगढ़ में शाम 7 बजे से शुरू होगी मॉक ड्रिल

चंडीगढ़ में यह अभ्यास शाम 7 बजे शुरू होगा। इसके लिए शहर में 35 स्थान चिह्नित किए गए हैं। शुरुआत में दो मिनट तक हाई-लो पिच का सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद 20 मिनट तक विभिन्न विभाग और एजेंसियां अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार काम करेंगी।

अभ्यास के दौरान चिह्नित क्षेत्रों में ब्लैकआउट किया जाएगा। इसके तहत लोगों को गैरजरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यास समाप्त होने पर दो मिनट तक लगातार तेज आवाज वाला सायरन (हाई पिच) बजेगा, जो ऑल क्लियर यानी खतरा टलने का संकेत होगा।

आग बुझाने और घायलों को बचाने का भी होगा अभ्यास

मॉक ड्रिल में केवल सायरन और ब्लैकआउट ही नहीं, बल्कि कई तरह की आपातकालीन गतिविधियों का अभ्यास भी किया जाएगा। इसमें आग बुझाने, तलाशी एवं बचाव अभियान, प्राथमिक उपचार और घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शामिल होगी।

इसके अलावा यातायात और भीड़ नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं को भी परखा जाएगा। इस अभ्यास में पुलिस, पंजाब होमगार्ड, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और एनसीसी की टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रशासन ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

प्रशासन ने पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन सुनकर घबराएं नहीं और शांत रहें। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों का सहयोग करें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

यह अभ्यास किसी वास्तविक हवाई हमले की चेतावनी नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने की एक प्रक्रिया है।

Read More:

मिशन 2027 के लिए BJP का आज से दिल्ली में दो दिवसीय महामंथन, PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी होंगे शामिल

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments