Special Session of Parliament: संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही एक बार फिर शुरू होने जा रही है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। सरकार के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर, सोमवार को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर, बुधवार को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
इन बैठकों में सरकार जरूरी विधायी और सरकारी कामकाज निपटाएगी। वहीं, बैठक के दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन प्रस्ताव पर भी सबकी नजरें रहेंगी।

30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर संसद की बैठक दोबारा बुलाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक फिर से आयोजित करने का अनुरोध किया है।
सरकार की योजना के मुताबिक, लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर 2026 को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को बुलाई जाएगी। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। हालांकि, कार्यवाही समाप्त होने की तारीख को लेकर अभी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।
मॉनसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही होगी
खास बात यह है कि संसद की ये बैठकें कोई नया सत्र नहीं होंगी, बल्कि मॉनसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही मानी जाएंगी। रिजिजू ने स्पष्ट किया है कि इन बैठकों का उद्देश्य सरकार के जरूरी कामकाज को पूरा करना है।
दरअसल, संसद का मॉनसून सत्र 2026 विपक्षी सांसदों के भारी विरोध और लगातार हंगामे के कारण कई बार बाधित हुआ था। इसके बाद गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी।
हालांकि, इसके बाद सत्र का औपचारिक सत्रावसान (प्रोरोगेशन) नहीं हुआ था। इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक विवाद भी देखने को मिला। विपक्षी दलों ने सरकार पर शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी करने और परिसीमन (delimitation) से जुड़े राजनीतिक समीकरणों के कारण सत्र का औपचारिक समापन नहीं करने का आरोप लगाया था।
वहीं, एनडीए ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सत्र बुलाने और स्थगित करने को सरकार का संवैधानिक विशेषाधिकार बताया था।
परिसीमन और महिला आरक्षण पर आ सकता है संविधान संशोधन
संसद की बैठक दोबारा बुलाए जाने के बीच परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि सरकार इन मुद्दों पर संविधान संशोधन का प्रस्ताव ला सकती है।
चर्चा है कि प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 तक की जा सकती है। इसके लिए परिसीमन की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का है।
हालांकि, परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों ने चिंता जताई है। इन राज्यों को आशंका है कि सीटों के नए बंटवारे से लोकसभा में उनका प्रतिनिधित्व कम हो सकता है।
सरकार हर राज्य में सीटों की संख्या 50 फीसदी तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है। इसके अलावा एक विकल्प यह भी है कि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए, जो 1971 की जनगणना पर आधारित है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
100 दिन से ज्यादा समय से औपचारिक रूप से जारी है सत्र
संसद का मॉनसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बावजूद औपचारिक रूप से जारी है। इस स्थिति को 100 दिन से ज्यादा हो चुके हैं। इसके साथ ही 2008 में बने 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया गया है।
संसद की रणनीति पर कांग्रेस की अहम बैठक आज
संसद की आगामी बैठकों को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए शुक्रवार, 27 नवंबर को दिल्ली में शाम 4:30 बजे कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई गई है।
इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की कार्यवाही के दौरान पार्टी की रणनीति और सरकार को घेरने वाले मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
Read More:
दुश्मन के ड्रोन को रोकने के लिए तैयार ‘भार्गवास्त्र’, पोखरण में पूरे हुए स्वदेशी सिस्टम के ट्रायल

