HomeBreaking Newsदहेज में ब्रेजा नहीं मिली तो दूल्हे ने तोड़ी शादी! बारात लेकर...

दहेज में ब्रेजा नहीं मिली तो दूल्हे ने तोड़ी शादी! बारात लेकर लौटा, परिवार में मचा हड़कंप

हरियाणा के सोनीपत(Sonipat) में दहेज की मांग को लेकर शादी टूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात एक जवान ने शादी में ब्रेजा कार और सोने के गहनों की मांग की। जब लड़की का परिवार इन मांगों को पूरा नहीं कर पाया तो दूल्हा शादी किए बिना ही बारात वापस लेकर चला गया। पीड़ित परिवार ने दूल्हे समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता सुभाष कुमार सोनीपत के वेस्ट रामनगर के रहने वाले हैं। वह आईटीआई गन्नौर से सेवानिवृत्त हैं। उनके मुताबिक, जनवरी 2026 में बिचौलियों के जरिए उनकी बेटी का रिश्ता गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप से तय हुआ था। बताया गया था कि कुलदीप दिल्ली पुलिस में कार्यरत है और उसके परिवार को दहेज की कोई मांग नहीं है। 26 अप्रैल को दोनों परिवारों के बीच सगाई हुई और शादी के लिए 20 नवंबर की तारीख तय की गई।

ब्रेजा कार और सोने के गहनों की रखी मांग

लड़की के पिता का आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद दूल्हे और उसके परिवार ने दहेज की मांग शुरू कर दी। दूल्हे ने सोने की चेन और अंगूठी के अलावा अपनी मां के लिए सोने के टॉप्स और चांदी की पायल मांगी। परिवार के लिए महंगे कपड़ों की मांग भी की गई।

इसके बाद दूल्हे ने ब्रेजा कार देने की जिद पकड़ ली। लड़की के पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार करीब 8 से 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई, लेकिन दूल्हा इससे संतुष्ट नहीं हुआ।

शादी वाले दिन बारात लेकर लौटा दूल्हा

शिकायत के मुताबिक, 19 नवंबर को लड़की के परिवार ने दूल्हे के घर जाकर सगाई की रस्म के दौरान फर्नीचर और अन्य सामान दिया। आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने सामान की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी सोने के गहनों की मांग रख दी। 20 नवंबर को बारात मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका पहुंची।

लड़की के पिता का आरोप है कि दूल्हे और उसकी मां ने ब्रेजा कार नहीं मिलने पर शादी से इनकार कर दिया। समझाने के बावजूद वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी, गाली-गलौच और मारपीट होने का भी आरोप है। आखिरकार रात करीब 12 बजे दूल्हा बिना शादी किए बारात लेकर वापस चला गया।

छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज

पीड़ित पिता ने दूल्हे कुलदीप, उसकी मां, भाई-भाभी और दो बिचौलियों समेत छह लोगों के खिलाफ सेक्टर-27 थाने में शिकायत दी है। उनका आरोप है कि शादी में दिया गया फर्नीचर, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान भी वापस नहीं किया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपना सामान वापस दिलाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें : बांग्लादेश में फिर हिंसा की आग! 200 हिंदू परिवारों के घर जलाने का दावा…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments