गुजरात के अहमदाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पालडी इलाके में एक बहू पर अपनी 79 वर्षीय बुजुर्ग सास को प्रतिबंधित नशीली गोलियां खिलाकर अर्ध-बेहोशी की हालत में रखने और उनके बैंक खातों से 1.84 करोड़ रुपये से अधिक की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक, बेटे की मौत के बाद सास बहू और पोती के साथ रह रही थीं। इसी दौरान बहू ने कथित तौर पर दवा का प्रिस्क्रिप्शन बदलवाकर उन्हें नशीली गोलियां देनी शुरू कर दीं। बुजुर्ग महिला जयश्रीबेन ने इस मामले में अपनी बहू अंकिता के खिलाफ पालडी पुलिस स्टेशन में विश्वासघात और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटे की मौत के बाद जॉइंट अकाउंट में जुड़वाया नाम
पुलिस शिकायत के अनुसार, जयश्रीबेन के बेटे अभिषेक का 2024 में निधन हो गया था। इसके बाद वह अपनी बहू अंकिता और पोती के साथ रहने लगीं। आरोप है कि बेटे की मौत के बाद अंकिता ने झगड़ा और भावनात्मक दबाव बनाकर जयश्रीबेन के HDFC बैंक के जॉइंट अकाउंट में अपना नाम जुड़वा लिया। इसके बाद घर के खर्चों का हवाला देकर उन्हें डराया-धमकाया गया और कोरे चेक पर हस्ताक्षर करवाए जाने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंकिता ने इन्हीं हस्ताक्षर किए हुए खाली चेक का इस्तेमाल कर सास के खाते से अपने बैंक खाते और म्यूचुअल फंड में रकम ट्रांसफर की।
प्रिस्क्रिप्शन में बदलाव कर खिलाई नशीली गोलियां
शिकायत में बताया गया है कि अंकिता ने डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन में प्रतिबंधित नशीली दवा लिखवाकर पालडी के एक मेडिकल स्टोर से हासिल की थी। आरोप है कि वह नियमित रूप से यह दवा अपनी सास को खिलाती थी। इसके चलते जयश्रीबेन को लगातार सुस्ती और चक्कर आने लगे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर कई बार अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा। सितंबर 2025 में उनकी हालत काफी गंभीर हो गई। वह अपनी बेटी कोषा को भी पहचान नहीं पा रही थीं। इसके बाद बेटी ने 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
बैंक खातों की जांच में सामने आया 1.84 करोड़ का ट्रांजैक्शन
जयश्रीबेन की बेटी और दामाद ने जब बैंक खातों की पड़ताल कराई तो कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। शिकायत के मुताबिक, अंकिता ने हस्ताक्षर किए हुए खाली चेक के जरिए HDFC बैंक से अपने खाते और म्यूचुअल फंड में लाखों रुपये ट्रांसफर किए थे। ऑनलाइन लेनदेन के जरिए कुल 1,84,70,000 रुपये अपने खाते में भेज लिए। इस तरह सास के बैंक खातों से 1.84 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निकाले जाने का मामला सामने आया है।
Read More
कश्मीर घाटी में अब कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं… केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अरुणाचल प्रदेश में बड़ा बयान