नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित एससीओ सभ्यता संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष प्रदर्शनी का मुआयना किया। इस प्रदर्शनी के जरिए उन्हें दिल्ली के करीब 2,100 साल पुराने इतिहास और भारतीय सभ्यता की समृद्ध विरासत से रूबरू कराया गया। लेजर तकनीक की मदद से पुरातात्विक खुदाई में मिले अवशेषों और अलग-अलग ऐतिहासिक कालखंडों को प्रदर्शित किया गया। इस आयोजन में 15 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों और आपसी समझ को मजबूत करना है।
‘अस्तित्व’ प्रदर्शनी में दिखे मौर्य से मुगल काल तक के अवशेष
प्रदर्शनी में ‘अस्तित्व’ नाम से एक विशेष प्रस्तुति तैयार की गई है। इसमें 10×10 मीटर के खुदाई स्थल को केंद्र में रखकर लेजर तकनीक के जरिए पुरातात्विक साक्ष्य दिखाए गए। प्रधानमंत्री मोदी को बताया गया कि पुराना किला की खुदाई से अलग-अलग ऐतिहासिक दौर के अवशेष मिले हैं, जो दिल्ली के प्राचीन इतिहास को समझने में मदद करते हैं। यहां मौर्य काल से लेकर मुगल काल तक के अवशेष प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें चित्रित धूसर मृदभांड यानी पेंटेड ग्रे वेयर और 1328 ईस्वी का संस्कृत शिलालेख भी शामिल है। इस शिलालेख में दिल्ली का उल्लेख इंद्रप्रस्थ के रूप में मिलता है।
अश्वमेध यज्ञ की कलाकृति और प्राचीन सिक्के भी आकर्षण
प्रदर्शनी में भारतीय परंपराओं और प्राचीन जीवनशैली से जुड़ी कई अन्य चीजें भी रखी गई हैं। इनमें अश्वमेध यज्ञ को दर्शाने वाली कलाकृति, कुषाण काल के चार कमरों वाले मकान का मॉडल और प्राचीन व्यापारियों के सिक्के शामिल हैं। इन ऐतिहासिक वस्तुओं के माध्यम से भारत की धार्मिक परंपराओं, स्थापत्य कला, व्यापार और सामाजिक जीवन की जानकारी प्रस्तुत की जा रही है। आयोजकों का उद्देश्य देश की प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सामने लाना है। संवाद में महाभारत काल से लेकर 1200 ईस्वी तक के ऐतिहासिक और पुरातात्विक साक्ष्यों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
SCO का क्या है उद्देश्य?
पुराना किला में आयोजित इस संवाद में 15 देशों के सभ्यताओं और संस्कृति से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) में 10 पूर्ण सदस्य देश शामिल हैं, जो दुनिया की करीब 42 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। संगठन का प्रमुख उद्देश्य आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियों से मिलकर मुकाबला करना है। सभ्यता संवाद के जरिए सदस्य देशों की परंपराओं, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को साझा करने पर जोर दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा था।
Read More
पुतिन की चेतावनी के बाद कीव पर रूस का हमला, मिसाइल-ड्रोन हमले में 3 लोगों की मौत


[…] पुराना किला में PM मोदी ने किया विशेष प्… […]