उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस विभाग के भीतर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोपों पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बड़ी कार्रवाई की है। महज एक सप्ताह के भीतर 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि तीन थानेदारों को लाइन हाजिर किया गया है। 13 से 18 नवंबर के बीच हुई इन कार्रवाइयों से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिसकर्मियों पर रिश्वतखोरी, तस्करों को संरक्षण देने और अवैध गतिविधियों में शामिल होने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
ऑनलाइन रिश्वत लेने तक के आरोप
एसपी की कार्रवाई के पीछे कई गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। इनमें गांजा तस्करों को छोड़ने, अवैध पान मसाला फैक्ट्री को संरक्षण देने और दुष्कर्म के एक मामले में ऑनलाइन रिश्वत लेने के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा गाजीपुर थाने के छह पुलिसकर्मियों पर 30 हजार रुपये लेकर जुआ खिलवाने का आरोप लगा है। इन मामलों को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है।
11 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
जारी सूची के मुताबिक, 13 नवंबर को उपनिरीक्षक पवन कुमार और मुख्य आरक्षी अजय सिंह को निलंबित किया गया। 15 नवंबर को उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह और 16 नवंबर को अनुचर जितेंद्र पाल पर कार्रवाई हुई। 17 नवंबर को आरक्षी नित्यानंद यादव को निलंबित किया गया। वहीं, 18 नवंबर को एक साथ छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। इनमें महेश साहनी, अजय यादव, अनुज कुमार सिंह, स्वतंत्र मौर्य, अनिल यादव और दीपक यादव शामिल हैं। इस तरह एक सप्ताह के भीतर कुल 11 पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई हुई। थानों से लेकर पुलिस लाइन तक के कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई को विभाग में अनुशासन बनाए रखने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
जांच में लापरवाही पर कार्रवाई
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने तीन थानेदारों को भी लाइन हाजिर किया है। इनमें हुसैनगंज के एसएचओ आलोक पाण्डेय, सुल्तानपुर घोष के थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह और ललौली के थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह शामिल हैं। इन अधिकारियों के खिलाफ घटनाओं का सफल अनावरण नहीं कर पाने के मामले में कार्रवाई की गई है। एक सप्ताह के भीतर लगातार हुए निलंबन और लाइन हाजिर के आदेशों से फतेहपुर पुलिस महकमे में सख्त संदेश गया है। एसपी की इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है।
Read More
UP में मुतवल्ली बनने के लिए ग्रेजुएशन अनिवार्य, योगी कैबिनेट ने वक्फ के नए नियमों को दी मंजूरी


[…] […]