HomeBreaking NewsCM योगी की मां के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख,...

CM योगी की मां के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, गृह मंत्री अमित शाह बोले- मां का जाना कभी न भरने वाली क्षति

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत देश के कई बड़े नेताओं ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर CM योगी आदित्यनाथ से बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनकी मां को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में निधन हुआ। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

PM मोदी ने फोन पर की योगी से बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर उनकी मां के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मां का जाना जीवन की वह क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती।” उन्होंने आगे कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और पूरे परिवार के साथ हैं। शाह ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक जताते हुए कहा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है।

विपक्षी नेताओं ने जताया दुख

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सावित्री देवी के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इसे हृदयविदारक क्षति बताया और बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। विपक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने भी श्रद्धांजलि दी।

यूपी के डिप्टी CM और बीजेपी नेताओं ने भी किया याद

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री की मां के निधन से सभी शोकाकुल हैं। उन्होंने अंतिम संस्कार में शामिल होने की बात भी कही। दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि मां का चले जाना जीवन का ऐसा दुख है, जिसकी रिक्तता कभी पूरी नहीं हो सकती। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी शोक संदेश जारी किए।

Read More

मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव जाएंगे CM योगी, गोरखपुर से लखनऊ और फिर पहुंचेंगे देहरादून

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments