Mother Beats Daughter: बिहार के समस्तीपुर जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां छठ महापर्व की तैयारियों के दौरान प्रसाद के पकवान को झूठा करने से नाराज एक मां ने अपनी चार साल की मासूम बेटी की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव की है। पुलिस ने मामले में आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रसाद झूठा करने पर मां ने बच्ची को पीटा
मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा की तैयारियों के तहत परिवार के सदस्य घर के पास घाट बनाने गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर पर पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी।
इसी बीच छोटी बेटी सुहानी ने पकवान झूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई शुरू कर दी। कुछ देर बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद मां ही उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत से परिवार में पसरा मातम
चार वर्षीय सुहानी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार की खुशियां एक पल में गम में बदल गईं।
बेटी को खोने से टूट चुके राजू पासवान ने व्यथित मन से कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने अपनी पत्नी के लिए कड़ी सजा की मांग की। राजू ने कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की जरूरत नहीं है और वह अपने बच्चों का पालन-पोषण अकेले कर लेंगे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजू पासवान के तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी, चार वर्षीय सुहानी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं। सुहानी की मौत के बाद परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ बच्चों की जिम्मेदारी भी खड़ी हो गई है।
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी है।
Read More:
लाल किला ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट! NIA कोर्ट में ट्रांसफर हुआ मामला, ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ से जुड़े तार

